मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित, 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां

SHARE:

21 और 22 नवंबर तथा 5 और 6 दिसंबर को लगेंगे विशेष कैम्प, 4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन

सागर, 12 नवंबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सागर जिले में 12 नवंबर को फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया है। प्रारूप प्रकाशन के साथ ही मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और नाम हटाने संबंधी दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए 11 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है।

जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार प्रारूप मतदाता सूची संबंधित मतदान केंद्रों के बीएलओ के पास उपलब्ध रहेगी। सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपने मतदान केंद्र पर बीएलओ से संपर्क कर मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य जानकारियों का अवलोकन करें।

मतदाता सूची में नाम, लिंग, आयु अथवा फोटो में किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर सुधार के लिए प्रारूप-8 में आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है। वहीं, 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए प्रारूप-6 भरकर बीएलओ को आवेदन दिया जा सकेगा।

मतदाता ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग के पोर्टल https://voters.eci.gov.in अथवा वोटर हेल्पलाइन ऐप (VHA) की सुविधा उपलब्ध है।

इन तारीखों में लगेंगे विशेष कैम्प

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 21 नवंबर, 22 नवंबर, 5 दिसंबर और 6 दिसंबर 2026 को विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। इन कैम्पों में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने और अन्य संशोधनों से संबंधित आवेदन एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।

4 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन

निर्धारित अवधि में प्राप्त सभी आवेदन पत्रों एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

निर्वाचन कार्यालय ने मतदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण अवश्य जांच लें, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में मतदान के अधिकार का उपयोग करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें