गौरझामर में कथित झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई का इंतजार, महीनों बाद भी अस्पतालों पर नहीं हुई कार्रवाई!

SHARE:

अश्वनी मजूमदार और टी.के. विश्वास पर हर बीमारी का इलाज करने का दावा कर मरीजों की जान से खिलवाड़ करने के आरोप, कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

गौरझामर/देवरी। सागर जिले की देवरी तहसील के गौरझामर में कथित झोलाछाप डॉक्टरों का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। यहां अश्वनी मजूमदार एवं टी.के. विश्वास द्वारा कथित तौर पर अस्पताल संचालित कर हर बीमारी का इलाज करने का दावा किया जा रहा है। आरोप है कि प्रतिदिन सैकड़ों मरीज इन अस्पतालों में इलाज कराने पहुंच रहे हैं। ऐसे में बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता और आवश्यक अनुमति के इलाज किए जाने की शिकायतों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस मामले को लेकर पूर्व में भी स्वास्थ्य विभाग में शिकायतें की गई थीं। कार्रवाई में कथित लापरवाही के चलते तत्कालीन देवरी बीएमओ डॉ. पूजा परमार का प्रभार बदलकर डॉ. अमित रंजन त्रिपाठी को देवरी बीएमओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। इसके बावजूद अब तक दोनों कथित झोलाछाप डॉक्टरों के अस्पतालों पर कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी शिकायत मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ला तक पहुंच चुकी है। वहीं सागर की तत्कालीन कलेक्टर प्रतिभा पाल द्वारा भी सीएमएचओ को कार्रवाई के निर्देश दिए जाने की बात सामने आई थी। लेकिन निर्देशों के बावजूद आज तक कार्रवाई नहीं होने से स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
अब वर्तमान कलेक्टर ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
पूरे मामले से वर्तमान सागर कलेक्टर दिलीप कुमार यादव को अवगत कराया गया। इस पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि निश्चित ही झोलाछाप डॉक्टरों के अस्पतालों पर कार्रवाई कराई जाएगी। कलेक्टर के इस आश्वासन के बाद क्षेत्र के लोगों को उम्मीद जगी है कि जल्द ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेगी और नियमों के अनुसार कार्रवाई करेगी।
सबसे बड़ा सवाल: आखिर कब जागेगा स्वास्थ्य विभाग?
गौरझामर में कथित अवैध अस्पतालों के संचालन को लेकर लगातार शिकायतें होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। क्या स्वास्थ्य विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है? क्या संबंधित अधिकारियों द्वारा अस्पतालों की वैधता, डॉक्टरों की शैक्षणिक योग्यता और इलाज संबंधी दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी?
अब देखना यह होगा कि कलेक्टर के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग कब तक कार्रवाई करता है और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें