सेंट्रल जेल सागर में सिद्धयोग एवं ध्यान कार्यक्रम आयोजित, कैदी बंधुओं ने लिया नशामुक्त भारत बनाने का संकल्प

SHARE:

सागर, 14 नवंबर 2026। सेंट्रल जेल सागर में कैदियों को मानसिक तनाव से मुक्ति दिलाने, सकारात्मक सोच विकसित करने और आत्मिक शांति प्रदान करने के उद्देश्य से एक दिवसीय ‘सिद्धयोग एवं ध्यान कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। अध्यात्म विज्ञान सत्संग केंद्र, जोधपुर (राजस्थान) एवं भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में कैदी बंधुओं ने ध्यान किया और नशामुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के प्रतिनिधि एवं राष्ट्रीय प्रचार प्रमुख रामलाल मालव ने किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को पूज्य सद्गुरुदेव रामलाल जी सियाग के सिद्धयोग दर्शन की जानकारी दी। इसके बाद सद्गुरुदेव की दिव्य वाणी में संजीवनी मंत्र का श्रवण कराया गया और सभी कैदी बंधुओं को 15 मिनट तक गहन ध्यान करवाया गया।

आयोजकों के अनुसार ध्यान सत्र के दौरान कैदियों ने आंतरिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। कार्यक्रम के समन्वयक सौरभ सिंह चौहान ने कहा कि वर्तमान समय में सिद्धयोग जीवन को स्वस्थ, सुंदर और प्रसन्नचित्त बनाने की महत्वपूर्ण साधना है। उन्होंने कैदी बंधुओं से नियमित रूप से सिद्धयोग अपनाने का आह्वान किया।

ध्यान सत्र के उपरांत सभी कैदी बंधुओं ने नियमित रूप से सिद्धयोग साधना करने, अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और नशे से दूर रहकर नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक रमेश चंद्र आर्य एवं उपाधीक्षक ने आयोजन के लिए अध्यात्म विज्ञान सत्संग केंद्र की टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में संस्था की ओर से राजस्थान स्वीट्स के संचालक प्रेम सिंह राजपुरोहित, कर्ण शर्मा, गोवर्धन चौधरी, पुखराज, सतीश कुमार यादव सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं जेल प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने कैदी बंधुओं के उज्ज्वल भविष्य और उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन की कामना की।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें