धर्मशास्त्रीय ग्रंथों में स्कन्दषष्ठी और विवस्वत् षष्ठी के नाम से मिलता है उल्लेख, करीब 1300 ईस्वी में भी प्रचलित थी व्रत की परंपरा
सागर/देवरी बिछुआ। छठ पर्व केवल भगवान सूर्य की उपासना का पर्व नहीं है, बल्कि इसके साथ स्कन्द की माता षष्ठी देवी और स्कन्द की पत्नी देवसेना की पूजा की परंपरा भी जुड़ी हुई है। धार्मिक मान्यताओं और प्राचीन धर्मशास्त्रीय ग्रंथों में इस पर्व के विविध स्वरूपों का उल्लेख मिलता है। समय के साथ सूर्य उपासना और षष्ठी माता की पूजा की परंपराएं एक-दूसरे से जुड़ती गईं और आज छठ पर्व ने व्यापक लोकपर्व का स्वरूप धारण कर लिया है।
डॉ. अनिल दुबे वैदिक के अनुसार धर्मशास्त्रीय ग्रंथों में छठ पर्व का उल्लेख स्कन्दषष्ठी और विवस्वत् षष्ठी के नाम से मिलता है। प्राचीन परंपरा में भगवान सूर्य के साथ भगवान कार्तिकेय की पूजा का भी विशेष विधान रहा है। मान्यता है कि इसी दिन कुमार कार्तिकेय देवताओं के सेनापति के रूप में प्रतिष्ठित हुए थे।
हेमाद्रि के ग्रंथ में सूर्य उपासना का उल्लेख
13वीं शताब्दी के धर्मशास्त्री हेमाद्रि ने अपने प्रसिद्ध ग्रंथ ‘चतुर्वर्ग चिंतामणि’ के व्रतखंड में प्रत्येक मास की सप्तमी तिथि को भगवान सूर्य की उपासना का उल्लेख किया है। इसमें वर्ष के अलग-अलग महीनों में सूर्य के विभिन्न स्वरूपों की पूजा का विधान बताया गया है।
हेमाद्रि के अनुसार माघ में वरुण, फाल्गुन में सूर्य, चैत्र में अंशुमाली, वैशाख में धाता, ज्येष्ठ में इंद्र, आषाढ़ और श्रावण में रवि, भाद्रपद में भग, आश्विन में पर्जन्य, कार्तिक में त्वष्टा, अग्रहायण में मित्र तथा पौष में विष्णु स्वरूप में सूर्य की पूजा की जाती है।
इसी ग्रंथ में कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी से वार्षिक सूर्य व्रत प्रारंभ करने का विधान भी मिलता है। इससे स्पष्ट होता है कि कार्तिक शुक्ल सप्तमी को सूर्य उपासना की प्राचीन परंपरा में विशेष महत्त्व प्राप्त था। छठ पर्व के वर्तमान स्वरूप की प्रारंभिक धार्मिक पृष्ठभूमि को इस परंपरा से जोड़कर देखा जा सकता है।
मिथिला के धर्मशास्त्री चण्डेश्वर ने भी किया उल्लेख
लगभग इसी काल में मिथिला के प्रसिद्ध धर्मशास्त्री चण्डेश्वर ने कार्तिक शुक्ल षष्ठी को भगवान कार्तिकेय को अर्घ्य देने तथा सप्तमी को भगवान भास्कर की पूजा करने का विधान बताया है।
उन्होंने भविष्य पुराण के वचनों का उल्लेख करते हुए बताया कि पंचमी तिथि को एक समय भोजन करना चाहिए, षष्ठी को निराहार रहना चाहिए और सप्तमी को भगवान सूर्य की पूजा करनी चाहिए। इस व्रत से सूर्यलोक एवं स्वर्ग की प्राप्ति तथा जीवन में पुत्र-पौत्र और धन-धान्य की समृद्धि का धार्मिक फल बताया गया है।
इस विवरण से संकेत मिलता है कि लगभग 1300 ईस्वी के आसपास भी इस प्रकार के व्रत की परंपरा प्रचलित थी।
स्कन्दपुराण की परंपरा में सूर्य को अर्घ्य देने का विधान
15वीं शताब्दी के धर्मशास्त्री रुद्रधर ने विवस्वत् षष्ठी के संदर्भ में स्कन्दपुराण से जुड़ी एक कथा का उल्लेख किया है। इस कथा में दुःख और रोगों के नाश के लिए भगवान सूर्य का व्रत करने की प्रेरणा दी गई है।
व्रत विधान के अनुसार पंचमी तिथि को एक समय भोजन कर संयम रखना चाहिए तथा क्रोध और कटु वचनों का त्याग करना चाहिए। षष्ठी को निराहार रहकर संध्या के समय नदी तट पर पहुंचकर धूप, दीप और घी में बने पकवानों से भगवान सूर्य की आराधना करते हुए अर्घ्य अर्पित करने का विधान बताया गया है।
इसके बाद रात्रि में जागरण और अगले दिन प्रातःकाल पुनः सूर्य की पूजा कर अर्घ्य देने की परंपरा का उल्लेख मिलता है।
अर्घ्य के समय सूर्यदेव से प्रार्थना की जाती है कि वे भक्त द्वारा अर्पित अर्घ्य स्वीकार करें और अपनी कृपा बनाए रखें। इस परंपरा में संज्ञा सहित भगवान सूर्य की उपासना का भी उल्लेख मिलता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार संज्ञा सूर्यदेव की पत्नी हैं।
छह कृतिकाओं और षडानन कार्तिकेय की कथा
भगवान कार्तिकेय को षडानन, षड्वदन और षण्मुख भी कहा जाता है। पौराणिक कथा के अनुसार छह कृतिकाओं का दूध एक साथ पीने के लिए उन्होंने छह मुख धारण किए थे। कृतिका नक्षत्र भी छह तारों का समूह माना जाता है। इसी कारण कार्तिकेय और षष्ठी से जुड़ी धार्मिक परंपराओं का विशेष संबंध बताया जाता है।
बच्चे के जन्म के छठे दिन होती है षष्ठी माता की पूजा
भारतीय लोकपरंपरा में बच्चे के जन्म के छठे दिन षष्ठी माता की पूजा का भी प्राचीन विधान रहा है। इसे कई स्थानों पर छठी पूजा या छठी मैया की पूजा के रूप में जाना जाता है।
डॉ. दुबे के अनुसार सूर्य उपासना और स्कन्दमाता षष्ठी की पूजा की अलग-अलग प्राचीन परंपराएं कालांतर में एक-दूसरे से जुड़ती गईं। इसी समन्वय से छठ पर्व का धार्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप विकसित हुआ। हालांकि लोकसंस्कृति में छठी मैया की अवधारणा आज भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है।
इस प्रकार छठ पर्व भारतीय धार्मिक परंपरा, सूर्य उपासना, पौराणिक मान्यताओं और लोकआस्था का अद्भुत संगम है। इसके पीछे सदियों पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की एक समृद्ध विरासत दिखाई देती है।
विशेष आलेख: डॉ. अनिल दुबे वैदिक, देवरी बिछुआ







