अग्रणी महाविद्यालय में 16 नवंबर से सजेगा युवा उत्सव का मंच, 27 विधाओं में प्रतिभा दिखाएंगे विद्यार्थी

SHARE:

तीन दिवसीय युवा उत्सव 2026 की तैयारियां पूरी, कला-संस्कृति, गीत-संगीत, नृत्य और साहित्य की प्रतियोगिताओं में दिखेगा युवाओं का हुनर

सागर। पं. दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर में 16 नवंबर से तीन दिवसीय महाविद्यालय स्तरीय युवा उत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ होगा। 16, 17 एवं 18 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस युवा उत्सव में छात्र-छात्राएं 27 विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इस युवा उत्सव का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सरोज गुप्ता के निर्देशन में किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं कलात्मक प्रतिभाओं को निखारने के साथ उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।

युवा उत्सव की तैयारियों को लेकर प्राचार्य प्रो. सरोज गुप्ता की अध्यक्षता में स्टाफ काउंसिल की बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रशासनिक अधिकारी डॉ. इमराना सिद्दीकी एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. विनय शर्मा ने आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक में तैयारियों की समीक्षा कर विभिन्न समितियों का गठन किया गया तथा प्राध्यापकों एवं शैक्षणिक स्टाफ को प्रतियोगिताओं की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

आयोजन प्रभारी डॉ. अभिलाषा जैन ने बताया कि तीन दिवसीय युवा उत्सव में कला, संस्कृति, साहित्य, गीत-संगीत, नृत्य एवं नाट्य से जुड़ी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। महाविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके बाद चयनित प्रतिभागियों को संभाग, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप सबलोक ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कुल 27 विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें अंग्रेजी एवं हिंदी वाग्मिता और वाद-विवाद, रंगोली, कोलॉज, प्रश्न-मंच, क्ले मॉडलिंग, कार्टूनिंग, चित्रकला, पोस्टर, शास्त्रीय एवं सुगम एकल गायन, भारतीय एवं पाश्चात्य समूह गायन, शास्त्रीय एकल नृत्य, समूह लोक नृत्य, परकशन एवं नॉन परकशन वादन, लोक वाद्यवृंद, पाश्चात्य एकल वादन, क्रिएटिव कोरियोग्राफी, मिमिक्री, मूक अभिनय, एकांकी एवं स्किट जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं।

प्राचार्य प्रो. सरोज गुप्ता एवं युवा उत्सव प्रभारी डॉ. अभिलाषा जैन ने महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि युवा उत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और बड़े मंचों तक पहुंचने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

लोकेशन – सागर।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें