तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन से लेकर कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन तक दी जा रही जानकारी, 15 नवंबर को होगा समापन
सागर। नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और पुलिस अधिकारियों की विवेचना संबंधी दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से सागर पुलिस द्वारा दो दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। पुलिस कंट्रोल रूम सागर में 14 और 15 नवंबर को आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने किया।
पुलिस मुख्यालय भोपाल एवं पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न थानों और चौकियों से नामांकित विवेचना अधिकारी एवं पुलिस कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं।
शुभारंभ अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने नवीन आपराधिक कानूनों की आवश्यकता, महत्त्व और वर्तमान पुलिसिंग में उनकी व्यावहारिक उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नवीन कानूनों के प्रावधानों की सही जानकारी और उनका प्रभावी क्रियान्वयन गुणवत्तापूर्ण विवेचना के लिए आवश्यक है। सभी अधिकारी प्रशिक्षण में कानूनों के प्रत्येक पहलू को गंभीरता से समझें और दैनिक कार्यों में उनका उपयोग सुनिश्चित करें, ताकि अपराधों की विवेचना मजबूत हो तथा पीड़ितों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष न्याय मिल सके।
तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों पर दिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के पहले दिन विषय विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को नवीन आपराधिक कानूनों के महत्त्वपूर्ण प्रावधानों, विवेचना के दौरान तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन, साक्ष्यों के विधिसम्मत संरक्षण और जांच की आधुनिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी। व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से कानूनी प्रावधानों को समझाया गया। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान भी किया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों को नवीन आपराधिक कानूनों के अनुरूप अद्यतन जानकारी और व्यावहारिक दक्षता प्रदान करना है, जिससे विवेचना की गुणवत्ता में सुधार हो और कानूनों का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा और अंतिम दिन 15 नवंबर को आयोजित होगा।








