महेश जाटव के नेतृत्व में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा, जल-जंगल-जमीन सहित मूलभूत समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने उठाई आवाज
सागर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिला शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में पगारा में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेसजनों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा आदिवासी समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और जरूरतों को जाना। साथ ही आदिवासी समाज को जयंती की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक विचार और क्रांति के प्रतीक हैं। उन्होंने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ‘अबुआ दिशोम, अबुआ राज’ अर्थात अपना देश, अपनी धरती और अपना राज का नारा देकर उलगुलान क्रांति का नेतृत्व किया। उन्होंने जल, जंगल और जमीन पर आदिवासी समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ी।
जाटव ने कहा कि आज भी आदिवासी समाज जल, जंगल, जमीन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पेयजल और पट्टे जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है। कांग्रेस पार्टी का संकल्प है कि भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और सपनों को आगे बढ़ाया जाए। कांग्रेसजन केवल श्रद्धांजलि देने नहीं, बल्कि समाज की समस्याएं सुनने और उनके समाधान के लिए साथ खड़े होने आए हैं।
ब्लॉक अध्यक्ष हेमराज रजक ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए खड़ी रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पगारा सहित पूरे जिले में आदिवासी समाज की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाकर उनके निराकरण का प्रयास किया जाएगा।
एडवोकेट वीरेंद्र राजे ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अन्याय के सामने नहीं झुकने तथा अपनी माटी, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी। आज समाज को उसी एकता और साहस की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक और अधिकारी बनें, बहन-बेटियां सुरक्षित रहें तथा युवाओं को रोजगार मिले, यही भगवान बिरसा मुंडा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने आदिवासी समुदाय के लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर आनंद हैला, सुनील ठाकुर, महेश अहिरवार, भूपेंद्र अहिरवार, इंजीनियर अमित मनीष, भुजबल आदिवासी, भागीरथ आदिवासी, रज्जू आदिवासी, यशवंत गौड़, लाल सिंह गौड़, आसू आदिवासी, रतन आदिवासी, हाले आदिवासी, राजा आदिवासी, प्रकाश, रानी, जमुना बाई, कमलेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे।







