सागर। जिले में शराब दुकानों के आसपास होने वाली असामाजिक गतिविधियों और नशे में वाहन चलाने वालों पर अंकुश लगाने के लिए सागर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देश पर जिले की सभी शराब दुकानों के सामने पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, अनावश्यक भीड़ लगाने, हुड़दंग करने और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करना है। शराब दुकानों के आसपास संचालित अंडा, नमकीन, नाश्ता और पान-गुटखा की दुकानों पर भी पुलिस विशेष निगरानी रख रही है, ताकि यहां अनावश्यक जमावड़ा लगाकर सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों पर रोक लगाई जा सके।
दरअसल, कई बार लोग शराब दुकान से शराब खरीदने के बाद आसपास की दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर खड़े होकर शराब का सेवन करते हैं। इसके बाद दोपहिया और चारपहिया वाहनों से सड़क पर निकल जाते हैं। ऐसे लोगों के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है और आम नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है।
इस स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शराब दुकानों के आसपास सतत निगरानी की व्यवस्था की है। वहीं, वाहन चेकिंग के दौरान ब्रीथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने वालों के विरुद्ध धारा 185 मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन में जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की निगरानी कर रहे हैं। थाना प्रभारियों को शराब दुकानों के आसपास नियमित भ्रमण करने, पुलिस बल की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने और वाहन चेकिंग अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सागर पुलिस की नागरिकों से अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन नहीं करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और नशे की हालत में किसी अन्य व्यक्ति को भी वाहन चलाने के लिए बाध्य नहीं करने की अपील की है। साथ ही शराब दुकानों और आसपास की दुकानों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं करने तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है।
सागर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे में वाहन चलाकर स्वयं और दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों तथा सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। पुलिस का कहना है कि सुरक्षित सड़कें, शांतिपूर्ण शहर और अपराधमुक्त समाज उसकी प्राथमिकता है।







