डॉक्टर हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय की टीम ने आज के मुकाबलों में शानदार तरीके से जीत दर्ज की
बीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, सिरोंजा में दूसरे दिन खेले जा रहे पूल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के तत्वावधान में बीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, सिरोंजा परिसर में आयोजित पश्चिम क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालयीन पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी देशभर से आई विश्वविद्यालयीन टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की टीमों ने पूरे उत्साह, अनुशासन, खेल भावना एवं उत्कृष्ट तकनीकी कौशल का परिचय देते हुए जीत के लिए शानदार प्रदर्शन किया।
आज दूसरे दिन डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के ज्वाइंट रजिस्ट्रार श्री संतोष सहगौर एवं डिप्टी रजिस्ट्रार सतीश कुमार जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
दूसरे दिन पूल-A एवं पूल-B के अंतर्गत अनेक मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता, आक्रामक खेल शैली एवं बेहतरीन टीम समन्वय से दर्शकों को रोमांचित किया।
प्रतियोगिता में डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात की ज्ञान मंजरी इनोवेटिव विश्वविद्यालय टीम को 62–07 के विशाल अंतर से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में गौर विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल, बेहतरीन रेडिंग एवं मजबूत डिफेंस का परिचय देते हुए एकतरफा जीत हासिल की।
अन्य मुकाबलों में सिंघानिया विश्वविद्यालय ने शंकर शाह विश्वविद्यालय को 45–28 से पराजित किया, जबकि गोवा विश्वविद्यालय ने डी.वाई. पाटिल विश्वविद्यालय को 36–25 से हराकर शानदार विजय दर्ज की।
तीनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, टीम समन्वय एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता स्थल पर उपस्थित खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
बीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष श्री संतोष कुमार जैन ‘घड़ी’, सचिव डॉ. सत्येंद्र जैन ने विजेता टीमों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पूल-B के अंतर्गत आयोजित मुकाबलों में कविकुलगुरु कालिदास संस्कृत विश्वविद्यालय ने क्रमशः 22 एवं 17 अंकों के अंतर से जीत दर्ज की। भारती विद्यापीठ ने 16 अंक, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय ने 24 अंक तथा डी.वाई. पाटिल विश्वविद्यालय, पुणे ने 20 अंकों के अंतर से मुकाबले अपने नाम किए। वहीं गोवा विश्वविद्यालय ने 11 अंक, जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय ने 4 अंक, महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय, बड़ौदा ने 23 अंक तथा भोपाल विश्वविद्यालय ने 3 अंकों के अंतर से जीत हासिल की। सेंट गाडगे बाबा अमरावती विश्वविद्यालय ने 2 अंकों तथा सिंघानिया विश्वविद्यालय ने 23 अंकों के अंतर से अपने मुकाबलों में विजय प्राप्त की।
इस अवसर पर बीटी ग्रुप के अध्यक्ष श्री संतोष कुमार जैन ‘घड़ी’, सचिव डॉ. सत्येंद्र जैन, बीटीआईपीएस निदेशक प्रो. संजय आर. जैन, बी टी ग्रुप सलाहकार प्रो. सुबोध जैन,ग्रुप रजिस्ट्रार डॉ. तरुण कुमार सिंह, खेल एवं शारीरिक शिक्षा संचालक डॉ. विवेक बी. साठे, शैलेश मेमोरियल स्कूल के डायरेक्टर संदीप जैन, बीटी इंस्टिट्यूट ऑफ एक्सीलेंस के प्राचार्य डॉ. राजू टंडन, बी टी आई आर टी प्राचार्य, डॉ. वीरेश फुसकेले बीटीआईपीएस के प्राचार्य डॉ. अशोक जैन सहित विभिन्न संस्थानों के प्राचार्य, प्राध्यापक एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
बीटी ग्रुप के अध्यक्ष श्री संतोष कुमार जैन ‘घड़ी’ ने सभी खिलाड़ियों एवं विश्वविद्यालयों की टीमों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि संस्थान के लिए यह गौरव का विषय है कि उसे देशभर के विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों की मेजबानी करने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया।
खेल एवं शारीरिक शिक्षा संचालक डॉ. विवेक बी. साठे ने आयोजन स्थल पर उपलब्ध खेल सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में शारीरिक दक्षता के साथ नेतृत्व, टीम भावना एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।
प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए बीटी ग्रुप प्रबंधन एवं आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं विश्वविद्यालयीन प्रतिनिधियों के लिए आवास, भोजन, परिवहन, खेल मैदान, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रतियोगिता में निष्पक्ष निर्णय, समयबद्ध मुकाबलों एवं खेल अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।







