26 नवंबर की भोपाल वोट रक्षक रैली को लेकर कांग्रेस ने बनाई रणनीति, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी
सागर। जिला शहर कांग्रेस कमेटी सागर द्वारा गुरुवार को देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई और मध्यप्रदेश की पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आदिवासी नेत्री जमुनादेवी की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का जन्मदिन भी मनाया गया। कार्यक्रम राजीव गांधी भवन, तीनबत्ती स्थित जिला शहर कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुआ। बैठक में आगामी 26 नवंबर को भोपाल में आयोजित होने वाली ‘वोट रक्षक रैली’ की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने की। शुरुआत में महेश जाटव, संगठन प्रभारी महामंत्री रामकुमार पचौरी सहित ब्लॉक अध्यक्षों, मोर्चा संगठनों के पदाधिकारियों एवं पार्षदों ने इंदिरा गांधी, रानी लक्ष्मीबाई और जमुनादेवी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इंदिरा गांधी का नेतृत्व और जमुनादेवी का जनसंघर्ष याद किया
अध्यक्षीय संबोधन में महेश जाटव ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। गरीबों, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। बैंकों का राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति को बढ़ावा, बांग्लादेश मुक्ति संग्राम में नेतृत्व और भारत को परमाणु शक्ति के रूप में स्थापित करना उनकी दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता के उदाहरण हैं।
उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस और जमुनादेवी के जनसंघर्ष एवं आदिवासी समाज के उत्थान के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए कहा कि इन महान विभूतियों का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और जनसेवा की प्रेरणा देता है।
26 नवंबर की वोट रक्षक रैली के लिए बूथ स्तर पर बनेगी टीम
बैठक में 26 नवंबर को भोपाल में प्रस्तावित वोट रक्षक रैली को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई। इसके तहत सागर शहर में मतदाता सूची की जांच, नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने, फर्जी मतदान पर निगरानी रखने और मताधिकार की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
प्रत्येक वार्ड और बूथ स्तर पर टीमें गठित कर अभियान को घर-घर तक पहुंचाने तथा वार्डों में जन चौपाल आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
महेश जाटव ने कहा कि आज लोकतंत्र और संविधान पर खतरा मंडरा रहा है। वोट की चोरी लोकतंत्र की चोरी है। उन्होंने भाजपा पर मतदाता सूचियों में हेरफेर कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता वोट रक्षक बनकर बूथ-बूथ पर पहरा देगा और लोकतंत्र एवं मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष करेगा।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने रखे विचार
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संदीप सबलोक ने किया तथा आभार संगठन प्रभारी महामंत्री रामकुमार पचौरी ने व्यक्त किया। इस अवसर पर रमाकांत यादव, शरद पुरोहित, ब्लॉक अध्यक्ष हेमराज रजक, नरेंद्र मिश्रा, वीरेंद्र राजे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सागर साहू, महिला कांग्रेस अध्यक्ष किरण लता सोनी, चमन अंसारी और ज्योति मलैया सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार रखे।
वक्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी का व्यक्तित्व दृढ़ इच्छाशक्ति और जनसेवा का प्रतीक है। वोट रक्षक अभियान लोकतंत्र की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण जन अभियान है, जिसमें सभी वर्गों की भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने महापुरुषों के आदर्शों पर चलने और वोट रक्षक अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सुरेंद्र सुहाने, जमना प्रसाद सोनी, सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, आनंद हेला, वीरेंद्र राजे, नरेंद्र मिश्रा, रणजीत राणा, रेखा अहिरवार, रजिया, मीरा अहिरवार, गीता कुशवाहा, शारदा अहिरवार, सुरेखा, राकेश राय, अजय सिंह राजपूत, पवन पटेल, महेश अहिरवार, संजीव अहिरवार, जाहिद ठेकेदार, अशोक नागवानी, सुरेश पंजवानी, पप्पू गोस्वामी, अलीम खान, सुनील पाहवा, प्रशांत सोनी, पवन जाटव, नौशाद अब्बासी, समीर खान, संजय सराफ, वीरू चौधरी, महेश यादव, कुंजीलाल लाडिया, आमिर खान, नरेश चौधरी, रोहित जाटव, बंटी कोरी, दीनदयाल तिवारी, भोलाराम और मयंक ठक्कर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उक्त जानकारी शहर कांग्रेस प्रवक्ता कमलेश तिवारी ने दी।
लोकेशन – सागर







