49.90 करोड़ की जलप्रदाय योजना से 15 वार्डों को मिलेगा शुद्ध पेयजल, 9.16 करोड़ के संयुक्त तहसील भवन से 40 गांवों को मिलेगी राहत; 3 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया
बांदरी (खुरई), 18 नवंबर। बांदरी नगर के विकास को नई दिशा देते हुए पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने बुधवार को 49.90 करोड़ रुपये की लागत से तैयार बांदरी जलप्रदाय योजना और 9.16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित संयुक्त तहसील भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही नगर परिषद क्षेत्र में लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया।
इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं से बांदरी नगर की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान का रास्ता खुल गया है। वहीं, संयुक्त तहसील भवन शुरू होने से बांदरी सहित आसपास के 40 गांवों के लोगों को तहसील और एसडीएम कार्यालय संबंधी कार्यों के लिए मालथौन जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
15 वार्डों में पहुंचेगा शुद्ध पेयजल, गर्मियों में भी नहीं होगी परेशानी
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि बांदरी क्षेत्र में वर्षों से पेयजल संकट बना हुआ था। गर्मियों में लोगों को दो किलोमीटर दूर जाकर कुओं से पानी लाना पड़ता था। अब 49.90 करोड़ रुपये की जलप्रदाय योजना से नगर परिषद के सभी 15 वार्डों में फिल्टर किया हुआ शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि जलप्रदाय योजना को उन्होंने मंत्री रहते हुए स्वीकृत कराया था। इसके स्थायी जल स्रोत के लिए उल्दन बांध परियोजना को भी काफी प्रयासों के बाद मंजूरी दिलाई गई। बांध का निर्माण तेजी से कराया गया है। उन्होंने कहा कि उल्दन बांध से बांदरी नगर को पेयजल उपलब्ध होने के साथ ही क्षेत्र के किसानों को भी सिंचाई के लिए पानी मिलेगा।
उन्होंने बताया कि आगामी मई माह तक बांध का निर्माण पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद अगली दिवाली से किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य है। मालथौन विकासखंड के 59 गांवों में पाइपलाइन के माध्यम से सिंचाई की सुविधा विकसित होगी। इससे किसानों की आय और क्षेत्र की समृद्धि बढ़ेगी तथा किसान धान जैसी फसलें भी ले सकेंगे।
संयुक्त तहसील भवन से 40 गांवों को मिलेगी सुविधा
विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि बांदरी में नवीन तहसील कार्यालय की स्थापना के बाद अब 9.16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भव्य संयुक्त तहसील भवन भी जनता को समर्पित किया गया है। इससे किसानों और आम नागरिकों को तहसील के साथ एसडीएम कार्यालय से संबंधित सुविधाएं भी स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि नए भवन में रिकॉर्ड रूम, लोकसेवा गारंटी कक्ष, अर्जीनवीस, वकीलों, टाइपिंग कार्य और जलपान गृह जैसी सुविधाएं विकसित होंगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और नगर की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंगलवार को बांदरी के बाजार दिवस पर एसडीएम तहसील कार्यालय में जनसुनवाई के लिए उपस्थित रहेंगी। इसके अलावा एसडीएम कोर्ट भी सप्ताह में दो दिन बांदरी संयुक्त तहसील कार्यालय में संचालित कराने की व्यवस्था की जाएगी।
दस साल में ग्राम पंचायत से विकसित नगर परिषद बना बांदरी
भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि करीब दस वर्ष पहले बांदरी एक ग्राम पंचायत हुआ करती थी। इतने कम समय में यहां नगर परिषद, तहसील भवन, महाविद्यालय, सांदीपनि विद्यालय, बस स्टैंड, ऑडिटोरियम, सड़कें, स्ट्रीट लाइट, 6000 प्रधानमंत्री आवास और नल-जल योजना जैसी सुविधाएं विकसित हुई हैं। इन विकास कार्यों से नगर की तस्वीर और लोगों का जीवनस्तर बदला है।
उन्होंने कहा कि अब बांदरी में 30 बिस्तरों का सर्वसुविधायुक्त अस्पताल, इंडस्ट्रियल एरिया और रोजगार के नए अवसर विकसित करना उनकी प्राथमिकता है। वन क्षेत्र होने के कारण यहां सरकारी राजस्व भूमि की उपलब्धता विकास कार्यों में बड़ी चुनौती थी। इसके बावजूद प्रयास करके वन विभाग और पुलिस विभाग की भूमि विकास कार्यों के लिए उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने बांदरी में बैंक और बड़ी गौशाला की आवश्यकता बताते हुए इनके लिए भी प्रयास करने की बात कही।
उपयोगी सामग्री से हुआ स्वागत
कार्यक्रम में विधायक भूपेन्द्र सिंह का स्वागत पारंपरिक फूल-मालाओं के स्थान पर जरूरतमंदों को वितरित की जा सकने वाली उपयोगी सामग्री से किया गया। इसमें स्टेशनरी, स्कूल बैग, हीटर, वाटर बॉटल, कंबल और चॉकलेट बास्केट जैसी सामग्री शामिल रही। इस पहल को सामाजिक उपयोगिता से जोड़कर देखा गया।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में एसडीएम मालथौन मोना दांगी, तहसीलदार कुलदीप सिंह राजपूत, तहसीलदार आरपी सिंह, एसडीओ पीडब्ल्यूडी सीमा रजक, एमपीयूडीसी के एसडीओ दिनेश बरेले, बीईओ हमीर ठाकुर, सीएमओ संजय समुद्रे, अनिल पाराशर, महेश पाराशर, डॉ. रोहित, संध्या राजपूत, कल्याण सिंह पहरगुवां, देवी दयाल पटेल, राव राजा राजपूत, शेर सिंह, राजेंद्र लोधी, देशराज सिंह, उमेश राय, अवधेश सिंह ठाकुर, कुलदीप राय, राजा राजपूत, रामकिशन अहिरवार, राजू जैन, तुलसीराम यादव, महेंद्र यादव, रामू पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
भारत न्यूज़ 24 live.com







