नशामुक्ति, मानवीय संवेदनाओं और समसामयिक मुद्दों पर विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां, 27 नवंबर से जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में लेंगे भाग
सागर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर में आयोजित तीन दिवसीय महाविद्यालयीन युवा उत्सव 2026 का रंगारंग एवं उत्साहपूर्ण समापन हुआ। उत्सव के अंतिम दिन विद्यार्थियों ने एकांकी नाटक, मूक अभिनय, स्किट, मिमिक्री और पाश्चात्य वादन सहित विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में शानदार प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा और कलात्मकता का परिचय दिया।
प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने भारतीय ज्ञान परंपरा, नशामुक्ति, मानवीय संवेदनाओं और समसामयिक सामाजिक मुद्दों को अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से मंच पर उतारा।
समापन समारोह में प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की अंतर्निहित प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारना और जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना भी है। युवा उत्सव विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजन सहयोग, अनुशासन, सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और सामूहिकता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, प्राध्यापकों और आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
समारोह में प्राणीशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. गोपा जैन, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. इमराना सिद्दीकी, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. प्रतिभा जैन और युवा उत्सव प्रभारी डॉ. अभिलाषा जैन मंचासीन रहीं।
अंतिम दिन एकांकी नाटक, मूक अभिनय, स्किट और मिमिक्री जैसी विधाओं में विद्यार्थियों ने प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। एकता मेहरा, जिया गौंड, हिना बहना, कुमुदिनी तिवारी, मोहिनी अहिरवार, दीपेंद्र लोधी, पृथ्वीराज बुंदेला, अक्षय लोधी, दीपक अहिरवार, नितिन अहिरवार, कुंज बिहारी, नितिन लोधी, बबली, तमन्ना रजक और अंजली प्रजापति सहित अनेक विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने किया। महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप सबलोक ने बताया कि तीन दिवसीय युवा उत्सव की विभिन्न विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को आगामी 27 नवंबर से आयोजित होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में सहभागिता का अवसर मिलेगा।
समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उत्साह, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर युवा उत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
साभार: डॉ. संदीप सबलोक, मीडिया प्रभारी, पं. दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर।







