सृजन कार्यक्रम के तहत सागर पुलिस ने आयोजित की खेल प्रतियोगिताएं, विजेता बच्चों को किया पुरस्कृत

SHARE:

खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने की पहल

सागर। मध्य प्रदेश पुलिस की सृजन योजना के अंतर्गत सागर पुलिस द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। 18 नवंबर को खेल परिसर सागर में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने किया। इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक मकरोनिया राहुल कटरे, उपनिरीक्षक राजश्री रोहित, प्रधान आरक्षक इमरत धुर्वे सहित खेल विभाग के शिक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर उनके शारीरिक, मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना था। खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और टीम भावना का महत्व समझाया गया। बच्चों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

विजेता बच्चों को किया सम्मानित

प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा, खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में निरंतर भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

हिंसा और बाल शोषण की रोकथाम के लिए संचालित है सृजन योजना

मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय के सामुदायिक पुलिसिंग प्रभाग और स्वयंसेवी संगठनों के संयुक्त प्रयास से संचालित सृजन कार्यक्रम का उद्देश्य किशोर बालक-बालिकाओं को घरेलू हिंसा, बाल विवाह, बाल श्रम और जेंडर आधारित हिंसा जैसी समस्याओं से बचाना है। इसके तहत बच्चों को विभिन्न कानूनों एवं संवैधानिक अधिकारों की जानकारी देने के साथ आत्मरक्षा प्रशिक्षण और करियर काउंसलिंग भी उपलब्ध कराई जाती है।

सागर पुलिस की यह पहल बच्चों को सकारात्मक वातावरण देने, उनकी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही ऐसे आयोजनों से पुलिस और बच्चों के बीच विश्वास, सहयोग एवं सकारात्मक संवाद को भी मजबूती मिलती है।

आयोजन में इनका रहा योगदान

खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की उपसंचालक शर्मिला डाबर, प्रेमनेति राय, सीमा चक्रवर्ती, श्यामपाल, उमेशचंद्र, भीखम पटेल, नफीस खान, रामसिंह, मिथिलेश प्रसाद एवं बद्रीप्रसाद का विशेष योगदान रहा। वहीं बच्चों को प्रतियोगिता में सहभागी बनाने में एनजीओ युवा विकास मंडल की प्रमिला मौर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें