रेलवे लाइन के पास अकेला घूम रहा था 6 वर्षीय बच्चा, एफआरवी टीम ने खोजकर मां और बहन के सुपुर्द किया; सड़क दुर्घटना में घायल युवक को भी समय पर दिलाया उपचार
सागर। आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने वाली डायल-112 सेवा एक बार फिर जरूरतमंदों के लिए मददगार साबित हुई। सागर पुलिस की एफआरवी टीमों ने दो अलग-अलग घटनाओं में सराहनीय तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए रेलवे लाइन के पास अकेले घूम रहे 6 वर्षीय मासूम को उसके परिजनों से मिलाया, वहीं सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मोटरसाइकिल सवार को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया।
दोनों घटनाएं 17 नवंबर 2026 की हैं। पहली घटना थाना मोतीनगर क्षेत्र की है, जहां एफआरवी-08 को इवेंट आईडी 7450 के माध्यम से सूचना मिली कि एक लगभग 6 वर्षीय बच्चा रेलवे लाइन के पास अकेला घूम रहा है। सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बच्चे से बातचीत कर उसके परिजनों की जानकारी जुटाई।
बच्चे ने अपनी मां का नाम किरण बताया। पुलिस टीम ने जानकारी के आधार पर भगत सिंह वार्ड, भोपाल रोड स्थित न्यू बस स्टैंड के पीछे उसके घर का पता लगाया। वहां बच्चे की बहन राधिका विश्वकर्मा मिली। उसने बताया कि उनकी मां किरण विश्वकर्मा होटल में खाना बनाने का काम करती हैं।
इसके बाद एफआरवी टीम बच्चे को सुरक्षित होटल लेकर पहुंची और उसकी मां को बुलाकर मासूम शंभू विश्वकर्मा को मां किरण एवं बहन राधिका के सुपुर्द कर दिया। इस कार्य में एफआरवी-08 के आरक्षक अभिषेक गौतम एवं पायलट अनिकेत दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्घटना में घायल युवक को तत्काल पहुंचाया अस्पताल
दूसरी घटना थाना रहली क्षेत्र की है। डायल-112 कंट्रोल रूम को इवेंट आईडी POL17112608826 के माध्यम से सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल सवार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और गंभीर घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा है।
सूचना मिलते ही एफआरवी-25 को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए बिना देरी किए उसे एफआरवी वाहन से शासकीय अस्पताल रहली पहुंचाया, जहां उसे समय पर उपचार मिल सका। इस कार्य में आरक्षक 380 धर्मेंद्र राजपूत एवं पायलट धर्मेंद्र राजपूत ने तत्परता दिखाई।
कंट्रोल रूम और एफआरवी टीमों के समन्वय से मिली मदद
दोनों घटनाओं में राज्य स्तरीय डायल-112 कंट्रोल रूम, जिला पुलिस कंट्रोल रूम और संबंधित एफआरवी टीमों के बेहतर समन्वय से जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिली। एक घटना में मासूम को सुरक्षित परिवार तक पहुंचाया गया, तो दूसरी घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार दिलाने में मदद की गई।
सागर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति, सड़क दुर्घटना अथवा जरूरतमंद व्यक्ति को पुलिस सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि वह आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।







