आईजी इरशाद वली ने बहरोल और विनायका थाने का किया भ्रमण, पुलिसकर्मियों से जाना हाल

SHARE:

ग्रामीणों और विद्यार्थियों से भी किया सीधा संवाद, अपराध नियंत्रण एवं बीट व्यवस्था की ली जानकारी

सागर। पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन इरशाद वली ने 18 नवंबर को थाना बहरोल एवं थाना विनायका का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने थानों की कार्यप्रणाली का जायजा लेने के साथ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सीधा संवाद किया। भ्रमण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया भी मौजूद रहे।

आईजी इरशाद वली ने थाना प्रभारियों एवं पुलिस स्टाफ से क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों, अपराधों की प्रकृति, क्राइम पैटर्न और अपराध नियंत्रण की स्थिति के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने बीट व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम और आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत और पारिवारिक समस्याएं भी सुनीं

भ्रमण के दौरान आईजी ने पुलिसकर्मियों के कार्यों के साथ उनके व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जीवन के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से उनकी पारिवारिक परिस्थितियों, निजी समस्याओं एवं निवास संबंधी विषयों पर आत्मीयता से चर्चा की। उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनते हुए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।

रास्ते में ग्रामीणों और विद्यार्थियों से भी किया संवाद

आईजी का भ्रमण केवल थानों तक सीमित नहीं रहा। रास्ते में मिले ग्रामीणों और विद्यार्थियों से भी उन्होंने रुककर बातचीत की। विद्यार्थियों से पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली, वहीं ग्रामीणों से क्षेत्र की परिस्थितियों एवं स्थानीय समस्याओं पर चर्चा कर उनका पक्ष जाना।

आईजी इरशाद वली का यह भ्रमण मैदानी पुलिस बल से सीधा संवाद स्थापित करने, पुलिसकर्मियों की समस्याओं को समझने तथा ग्रामीणों और युवाओं के बीच पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक पहल माना जा रहा है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें