सागर। मदिरा खरीदने से पहले स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य किए जाने संबंधी खबरों को स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन बताया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में मदिरा क्रय करने से पहले किसी भी प्रकार का स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य नहीं किया गया है और न ही स्वास्थ्य परीक्षण का मदिरा खरीदने की प्रक्रिया से कोई संबंध है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में समय-समय पर सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण और जनस्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जाती हैं। कुछ समाचार पत्रों और सोशल एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में इन गतिविधियों को मदिरा खरीदने से जोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि यह वास्तविक तथ्यों के विपरीत है।
विभाग ने बताया कि सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान यदि किसी व्यक्ति में आदतन या अत्यधिक मदिरा सेवन की जानकारी सामने आती है, तो उसका आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण कर उचित चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही, उसे मदिरा सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि यह पूरी गतिविधि शासन के नशामुक्ति अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम का हिस्सा है। इसका उद्देश्य लोगों को नशे से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंदों को चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराना है।
स्वास्थ्य विभाग की आमजन से अपील
विभाग ने आमजन से अपील की है कि स्वास्थ्य परीक्षण और मदिरा खरीदने को लेकर फैल रही भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें। किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें, ताकि अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
सागर, 25 नवंबर 2026







