
तीन दिवसीय रक्तदान शिविर के पहले दिन 175 यूनिट रक्त संग्रह, 12 वर्षों में अब तक 16,659 यूनिट रक्त जरूरतमंदों तक पहुंचाया
सागर। दानवीर डॉ. हरिसिंह गौर की जयंती एवं संविधान दिवस के अवसर पर युवा नेता अविराज सिंह के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय रक्तदान शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। शिविर के पहले दिन 175 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस अवसर पर पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि सेवा के दूसरे प्रकल्प धन और संसाधनों से पूरे किए जा सकते हैं, लेकिन रक्तदान केवल मनुष्य की त्याग भावना से ही संभव है। रक्तदान वास्तव में जीवन बचाने का सबसे बड़ा सेवा कार्य है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि यह सुखद संयोग है कि डॉ. हरिसिंह गौर की जयंती और संविधान दिवस पर रक्तदान ही जीवनदान के संकल्प के साथ शिविर शुरू हुआ है। डॉ. गौर ने अपनी संपूर्ण संपत्ति गरीबों और पिछड़े वर्गों की शिक्षा के लिए समर्पित कर सागर में विश्वविद्यालय की स्थापना की। उन्होंने बुंदेलखंड जैसे पिछड़े क्षेत्र को चुना और अपनी जन्मभूमि के लोगों के उत्थान का मार्ग प्रशस्त किया। आज डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के कारण बुंदेलखंड की वैश्विक पहचान बनी है। उन्होंने साबित किया कि दृढ़ संकल्प के सामने गरीबी भी प्रतिभा का रास्ता नहीं रोक सकती।
भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक इन शिविरों के माध्यम से 16,659 यूनिट रक्त एकत्रित कर सागर जिले और भोपाल सहित अनेक सरकारी अस्पतालों को उपलब्ध कराया जा चुका है। पहले सागर में ब्लड बैंक की क्षमता सीमित थी, लेकिन अब इसमें वृद्धि हुई है। मई में आयोजित रक्तदान शिविर से अगले छह माह तक जिले में रक्त की उपलब्धता बनी रहती है, जबकि नवंबर में आयोजित शिविर से पूरे वर्ष सरकारी अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास है।
जन्मदिन को समाजसेवा से जोड़ने की युवाओं से अपील
युवा नेता अविराज सिंह ने कहा कि डॉ. हरिसिंह गौर ने अपनी आत्मकथा में नशे से दूर रहने को अपनी सफलता का महत्वपूर्ण कारण बताया है। यह प्रसंग युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। युवाओं को अपने जन्मदिन पर केक, मिठाई और आतिशबाजी के साथ समाज और राष्ट्र को भी कुछ देने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश में हर दो सेकंड में किसी न किसी व्यक्ति को जीवन बचाने के लिए रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में अधिक से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि ‘भूपेन्द्र मेरा ब्लड हेल्पलाइन’ के माध्यम से अब तक 2,440 लोगों को रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिली है। पिछले वर्ष उनके जन्मदिन पर 570 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया था। इस वर्ष इससे अधिक संख्या में रक्तदान होने की उम्मीद है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जरूरतमंद को समय पर रक्त मिलना और उसकी जान बचना ही इस अभियान की सबसे बड़ी सफलता है।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शिविर का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, भगवान गणेश और दानवीर डॉ. हरिसिंह गौर की प्रतिमा एवं चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद दिनभर रक्तदाताओं का उत्साह देखने को मिला। पहले दिन कुल 175 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ। रक्तदान करने वाले सभी लोगों को पौष्टिक आहार और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। शिविर में मेडिकल टीम और पैरामेडिकल स्टाफ ने पूरी दक्षता के साथ अपनी सेवाएं दीं।
जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों और गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
शिविर में पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह, लक्ष्मण सिंह लोधी, महेश साहू, मुख्य अतिथि नितिन त्रिपाठी, संपादक डॉ. सुशील तिवारी, पार्षद रूबी पटेल, शेख जमीर, उदय गौतम, रामशंकर देवलिया, लखन सिंह, नवीन भट्ट, महेश नेमा, अनिल जैन, उमेश यादव, अंकित सिंह ठाकुर, अक्षय पटेल, गोलू प्रताप राय, प्रतीक चौकसे, केके गोरा, शुभम घोषी, मनीष मिश्रा एवं हर्षवर्धन चौबे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
चिकित्सा क्षेत्र से बीएमसी डीन डॉ. पीएस ठाकुर, सीएमएचओ डॉ. देवेश पटेरिया, डॉ. गंगवानी, डॉ. शेखर श्रीवास्तव, डॉ. तुषार मिश्रा, डॉ. महेश कुमार जैन, डॉ. आशीष शास्त्री, डॉ. सुमित यादव, डॉ. आरती पांडे, डॉ. हनी सुमन एवं डॉ. प्रीति जैन सहित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का विशेष सहयोग रहा।
पहले दिन रक्तदान करने वालों में अशोक सिंह बामोरा, राम शास्त्री शुक्ला, सोमेश जडिया, गौतम मांडले, सुबोध आर्य, सेलेश जैन, विशाल गुरु, शुभम घोषी, उमेश यादव, कृष्णकुमार पटेल, लक्ष्मण सिंह, अंशु चौकसे, आशीष दुबे, आशीष जोशी, रौनक चौकसे, हरिओम राजपूत, विक्रम राजपूत और उदित राजपूत सहित कुल 175 रक्तदाता शामिल रहे।
शिविर के सफल आयोजन में मेडिकल टीम, लैब टेक्नीशियन, अस्पताल स्टाफ और आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। तीन दिवसीय शिविर के आगामी दिनों में भी रक्तदान का सिलसिला जारी रहेगा।







