कम वर्षा के चलते किसानों को कम पानी वाली फसलें लेने की सलाह, सिंचाई प्रबंधन की दी गई जानकारी

SHARE:

तेवरा गांव में किसान संगोष्ठी आयोजित, चना, मसूर और अलसी की खेती को प्राथमिकता देने की अपील और अलसी की खेती को प्राथमिकता देने की अपील

सागर। इस वर्ष कम वर्षा के कारण तेवरा जलाशय में जलभराव का स्तर कम रहने से रबी सीजन में सिंचाई के लिए सीमित पानी उपलब्ध है। इसे देखते हुए कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देशन में कृषि विभाग द्वारा 26 नवंबर को ग्राम तेवरा में किसान संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें किसानों को कम पानी में बेहतर उत्पादन देने वाली फसलों और सिंचाई प्रबंधन की तकनीकी जानकारी दी गई।

संगोष्ठी में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी खुरई कमलेश कुमार अहिरवार ने किसानों को बताया कि रबी मौसम में पानी की सीमित उपलब्धता को देखते हुए चना, मसूर एवं अलसी जैसी कम पानी चाहने वाली फसलों को प्राथमिकता देना चाहिए। इससे कम पानी में भी बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने किसानों को फसलों की महत्वपूर्ण अवस्थाओं पर ही सिंचाई करने, अनावश्यक पानी खर्च करने से बचने, खेत का समतलीकरण कराने और मेड़बंदी अपनाने की सलाह दी। इसके साथ ही स्प्रिंकलर एवं ड्रिप जैसी आधुनिक सिंचाई पद्धतियों का उपयोग करने पर जोर दिया।

एक सिंचाई उपलब्ध होने पर कब दें पानी

किसानों को बताया गया कि यदि फसल के लिए केवल एक सिंचाई उपलब्ध है तो चना में बुवाई के 40 से 45 दिन बाद, मसूर में 30 से 35 दिन बाद तथा सरसों में 35 से 40 दिन बाद फूल आने से पहले सिंचाई करना लाभकारी रहेगा। अलसी की फसल में भी फूल आने से पूर्व सिंचाई को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई।

सिंचाई के दौरान इन सावधानियों का रखें ध्यान

कृषि अधिकारियों ने किसानों को खेत की नमी जांचने के बाद ही सिंचाई करने, आवश्यकता के अनुसार हल्का पानी देने तथा खेत में पानी का भराव नहीं होने देने की सलाह दी। भारी मिट्टी में अधिक पानी देने से बचने, बारिश होने पर सिंचाई टालने, खेत में उपलब्ध नमी का संरक्षण करने और खरपतवार नियंत्रण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

इस अवसर पर राजू चौहान, धीरेंद्र सिंह, अजय सिंह, महेंद्र सिंह एवं शुभम भार्गव सहित कृषि विस्तार अधिकारियों ने किसानों को खेती और जल प्रबंधन से जुड़ी तकनीकी जानकारियां दीं।

संगोष्ठी के अंत में किसानों ने संकल्प लिया कि वे सिंचाई के पानी की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग करेंगे। उपलब्ध जल का विवेकपूर्ण उपयोग करते हुए कम पानी चाहने वाली फसलों और जल संरक्षण की आधुनिक तकनीकों को अपनाएंगे। साथ ही फसलों में स्प्रिंकलर पद्धति से सिंचाई को प्राथमिकता देंगे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें