प्रधान जिला न्यायाधीश एम.के. शर्मा ने संविधान की गरिमा बनाए रखने का दिया संदेश, डॉ. हरिसिंह गौर के योगदान को किया याद
सागर। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को जिला न्यायालय परिसर स्थित ए.डी.आर. भवन में संविधान की प्रस्तावना का वाचन एवं विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एम.के. शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का निर्देशन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संतोष सैनी ने किया।
इस अवसर पर जिला मुख्यालय में पदस्थ न्यायाधीशगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संतोष सैनी, जिला विधिक सहायता अधिकारी दिव्या भलावी, न्यायिक कर्मचारी एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे। सभी ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर संविधान के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के उपरांत प्रधान जिला न्यायाधीश एम.के. शर्मा ने अपने संबोधन में संविधान की गरिमा एवं प्रतिष्ठा अक्षुण्ण बनाए रखने तथा प्रत्येक नागरिक से अपने मौलिक कर्तव्यों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने महान विधिवेत्ता एवं शिक्षाविद् डॉ. हरिसिंह गौर के जीवन, उनके विचारों और समाज निर्माण में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान, नागरिकों में विधिक जागरूकता और मौलिक कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।







