सागर, 21 सितंबर 2026। संचालनालय आयुष, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के मार्गदर्शन एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. जोगेन्द्र सिंह ठाकुर के निर्देशन में जिले की विभिन्न आयुष संस्थाओं में 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष आयुर्वेद दिवस की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” रखी गई है।
आयुर्वेद स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिलेभर में औषधीय पौधों की पहचान, उनके उपयोग एवं संरक्षण, दिनचर्या, ऋतुचर्या तथा योग के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर, प्रकृति परीक्षण, जीवनशैली मूल्यांकन तथा योग एवं ध्यान सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रमों में लोगों को मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा और जोड़ों से संबंधित रोगों की रोकथाम के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया जा रहा है। आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयुष स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित कर स्वस्थ वृद्धावस्था एवं पोषण जैसे विषयों पर व्याख्यान दिए जा रहे हैं। साथ ही औषधीय पौधों का रोपण कर आयुर्वेद वाटिका विकसित करने की गतिविधियां भी की जा रही हैं।
विद्यार्थियों के बीच भी बढ़ाई जा रही जागरूकता
आयुर्वेद के प्रति छात्र-छात्राओं में रुचि और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें आयुर्वेद विषय पर व्याख्यान, क्विज, निबंध लेखन तथा पोस्टर एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय चिकित्सा पद्धति, स्वस्थ जीवनशैली और प्राकृतिक स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
21 सितंबर 2026 को जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में कुल 950 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। आयुर्वेद दिवस के तहत मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम 23 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।








