मंच पर प्रतिभा, परिसर में हरियाली, मेधाओं को मिली उड़ान

SHARE:

विधायक प्रदीप लारिया के मुख्य आतिथ्य में गौर नगर में संकुल स्तरीय आयोजन; भाषण- चित्रकला में प्रतिभाओं का सम्मान, मेधावियों को स्कूटी

सागर/22.09.2026;नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया के मुख्य आतिथ्य में संकुल केंद्र गौर नगर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संकुल स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता सहित विविध रचनात्मक और प्रेरक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में चार एईओ केंद्रों के विद्यार्थियों ने सहभागिता कर अपनी प्रतिभा और सृजनशीलता का परिचय दिया।

मां सरस्वती के पूजन एवं वंदना से शुरू हुआ आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा, संस्कार और पर्यावरण चेतना का सुंदर संगम बन गया। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विचारों को शब्द दिए, वहीं चित्रकला में उनकी कल्पनाओं ने रंगों का रूप लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में हर्र, बहेड़ा, आंवला, महुआ, अर्जुन, गुलमोहर एवं पाम सहित विभिन्न पौधों का रोपण किया गया। पर्यावरण संरक्षण के इस संदेश के साथ विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराया गया।

मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धि को नई उड़ान देते हुए मध्यप्रदेश शासन की मेधावी विद्यार्थी योजना के अंतर्गत सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इसी अवसर पर विधायक श्री लारिया ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गौर नगर में बाउंड्री वॉल निर्माण की घोषणा करते हुए विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।

उमंग दिवस पर शिक्षिका सविता लारिया के निर्देशन में विद्यार्थियों ने ‘यूनिटी’ विषय पर नाटक प्रस्तुत किया। प्रस्तुति ने एकता, सहयोग और सामाजिक समरसता का प्रभावी संदेश दिया।

विधायक श्री लारिया ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि प्रतिभा, अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रभावना को आकार देने की भूमि है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने तथा अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज और राष्ट्र के निर्माण में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को अवसर और प्रोत्साहन मिले, यही समाज की सबसे बड़ी पूंजी है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. रचना जैन एवं समीप जैन ने किया। स्वागत भाषण प्राचार्य संजय श्रीवास्तव ने दिया। संकुल केंद्र के प्राचार्यों, शिक्षकों एवं उपस्थितजनों द्वारा विधायक श्री लारिया का सम्मान किया गया।

आयोजन में नपाध्यक्ष मिहिलाल, मंडल अध्यक्ष अंकित तिवारी,पार्षद बलवंत ठाकुर, विवेक सक्सेना, नरेन्द्र ठाकुर, महेन्द्र ठाकुर, निशांत अठिया, सोनू यादव, एल्डरमैन सुधा शर्मा, केदार शर्मा, राघवेंद्र सिंह, डॉ.लखन पटेल, सुनील अहिरवार, विक्की बाथरी, संग्राम सिंह, उमा रजक, रेखा वर्मा, शिक्षकगण बृजेश सिंह राय, सरोज जयंत, मधु चौरसिया, मनीषा अहिरवार, कल्पना अहिरवार, नीतू अहिरवार, चंद्रभान सिंह ठाकुर, चरण सिंह ठाकुर, चुरामन रैकवार, सुनील जैन, मोहिनी रोहित, गौरव,शुभम तिवारी, रचना पटैरिया सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें