हीरापुर, शाहगढ़ और दलपतपुर में नमकीन, टोस्ट व तेल के नमूने लिए गए, द क्राउन पैलेस का भी औचक निरीक्षण
सागर, 23 सितंबर 2026। आम नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में मिलावट रोकथाम अभियान लगातार जारी है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं। इसी क्रम में शाहगढ़ तहसील क्षेत्र के हीरापुर, शाहगढ़ और दलपतपुर में कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान हीरापुर (शाहगढ़) बस स्टैंड स्थित दीपक असाटी के प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर नमकीन का नमूना लिया गया। इसके बाद शाहगढ़ स्थित अभय किराना का निरीक्षण किया गया, जहां से लोकल ब्रांड के टोस्ट का नमूना संग्रहित किया गया।
इसी तरह जांच दल ने दलपतपुर स्थित सुरेंद्र जैन के प्रतिष्ठान का आकस्मिक निरीक्षण किया। यहां से रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के साथ-साथ आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की।
द क्राउन पैलेस में भी औचक निरीक्षण
जांच अभियान के तहत देर शाम द क्राउन पैलेस का भी औचक निरीक्षण किया गया। टीम ने प्रतिष्ठान के किचन और भंडारण क्षेत्र की जांच की। इस दौरान विभिन्न मसालों के नमूने लिए गए। मौके पर आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं होने पर प्रबंधन को संबंधित दस्तावेज खाद्य सुरक्षा कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
एक वर्ष का क्रय-विक्रय रिकॉर्ड मांगा
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संबंधित व्यापारियों एवं प्रतिष्ठान संचालकों को विगत एक वर्ष के क्रय-विक्रय से संबंधित संपूर्ण अभिलेख संधारित कर सक्षम अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों द्वारा खाद्य सामग्री की खरीद और बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड की भी जांच की जाएगी।
प्रयोगशाला जांच के बाद होगी कार्रवाई
जांच के दौरान लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी नमूने में मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी अनियमितता पाई जाती है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में मिलावट के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आगे भी विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई जारी रहेगी।







