भू-अर्जन में पेंडेंसी खत्म करें, सड़कों का मेंटेनेंस रखें दुरुस्त : कलेक्टर प्रतिभा पाल

SHARE:


निर्माण एजेंसियों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश, लंबित भू-अर्जन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर


सागर, 23 सितंबर 2026। कलेक्टर  प्रतिभा पाल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों के साथ भू-अर्जन एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में एनएचएआई, एमपीआरडीसी, जल संसाधन विभाग, सेतु निर्माण सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख प्रोजेक्ट और उनकी प्रगति की जानकारी ली गई।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भू-अर्जन से संबंधित किसी भी प्रकरण में अनावश्यक पेंडेंसी नहीं रहनी चाहिए और सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुकी सड़कों के नियमित और बेहतर मेंटेनेंस पर भी विशेष जोर दिया।
सागर-मोहाली मार्ग के भू-अर्जन की कार्रवाई 7 दिन में पूरी करने के निर्देश
एनएचएआई के अंतर्गत सागर-मोहाली मार्ग से संबंधित भू-अर्जन एवं अन्य कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को 7 दिनों के अंदर आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं सागर लिंक रोड के अंतर्गत शेष रेलवे ओवर ब्रिज के कार्यों को भी निर्धारित समय में पूरा करने को कहा।
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि एनएच-44 ललितपुर-सागर-लखनादौन मार्ग पर सड़क के गड्ढों के सुधार के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। कलेक्टर ने बारिश के बाद टेक्निकल टीम के माध्यम से सड़क की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य बेहतर ढंग से कराने के निर्देश दिए।
बेरखेड़ी-लेहदरा मार्ग के लिए थ्री-डी प्रकाशन और जनसुनवाई
बेरखेड़ी से लेहदरा मार्ग को टू-लेन से फोर-लेन में परिवर्तित करने के प्रस्ताव की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित प्रक्रिया के तहत थ्री-डी प्रकाशन एवं जनसुनवाई की कार्रवाई पूरी कर आगे की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
सागर-दमोह फोरलेन की प्रतिदिन समीक्षा
एमपीआरडीसी के अंतर्गत सागर-दमोह फोरलेन मार्ग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सीमा चिन्ह संबंधी कार्य पूरा होते ही आगे की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस कार्य की प्रतिदिन समीक्षा करने के साथ ही धारा-19 का प्रकाशन अगले सप्ताह तक पूरा कराने के निर्देश दिए।
बंडा बांध का काम 100 प्रतिशत पूरा, नहर का कार्य 50 प्रतिशत
जल संसाधन विभाग के कार्यों की समीक्षा में कार्यपालन यंत्री ने बताया कि बंडा बांध का कार्य 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जबकि नहर का कार्य लगभग 50 प्रतिशत पूरा हुआ है।
कलेक्टर ने बंडा ब्लॉक में अवॉर्ड एवं भू-अर्जन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही पंप हाउस के निर्माण कार्य को भी गति देने को कहा। उन्होंने आपसी सहमति से होने वाले शेष भू-अर्जन मामलों का शीघ्र निराकरण कर एक माह के भीतर सभी लंबित भू-अर्जन प्रकरण बंद करने के निर्देश दिए।
अवॉर्ड के बाद तत्काल दिलाएं पजेशन
कलेक्टर  प्रतिभा पाल ने अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को निर्देशित किया कि भू-अर्जन के सभी मामलों में समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा संबंधित धाराओं का प्रकाशन निर्धारित समय पर कराया जाए।
उन्होंने कहा कि अवॉर्ड पारित होने के बाद एसडीएम तत्परता से संबंधित निर्माण विभाग को भूमि का पजेशन दिलाना सुनिश्चित करें, ताकि भू-अर्जन के कारण निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।
कलेक्टर ने सभी निर्माण विभागों को निर्देशित किया कि परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए, भू-अर्जन की पेंडेंसी समाप्त की जाए और सड़कों का नियमित मेंटेनेंस सुनिश्चित करते हुए नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें