सागर पुलिस
थाना बांदरी
दिनांक : 23.09.2026
थाना बांदरी पुलिस ने तार चोरी की वारदात का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
आरोपी के कब्जे से 60 किलो चोरी का तार एवं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित ₹70 हजार का मशरूका बरामद
सागर। थाना बांदरी क्षेत्र में विद्युत तार चोरी की घटना की सूचना पर बांदरी पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का तार एवं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 23.09.2026 को फरियादी हिरालाल महतो पिता ईश्वर महतो, उम्र 38 वर्ष, निवासी हजारीबाग, झारखंड, द्वारा थाना बांदरी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह आर.एस. इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में साइट इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। कंपनी द्वारा पहरगुवां, सागोरिया, हनोता एवं कुल्ल क्षेत्र में विद्युत तारों की सुरक्षा का कार्य सिक्योर सिक्योरिटी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से कराया जा रहा है।
दिनांक 21/22.09.2026 की दरम्यानी रात पहरगुवां गांव में नाले के पास टावर के नीचे रखा लगभग 60 किलो वजन का विद्युत तार, जिसकी अनुमानित कीमत ₹20,000 है, अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया। आसपास तलाश करने के बाद भी तार का पता नहीं चलने पर थाना बांदरी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
रिपोर्ट पर थाना बांदरी में अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश एवं पतारसी की गई। पुलिस टीम द्वारा ग्राम पहरगुवां में घेराबंदी कर सौरभ पिता भोपाल सिंह लोधी, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम पहरगुवां को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ एवं विवेचना के दौरान आरोपी के कब्जे से—
- 60 किलो चोरी का विद्युत तार — कीमत लगभग ₹20,000
- चोरी के तार के परिवहन में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल — कीमत लगभग ₹50,000
सहित कुल ₹70,000 का मशरूका बरामद किया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर आरोपी को उपजेल खुरई में निरुद्ध किया गया।
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई एसडीओपी खुरई सुश्री काजल सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बांदरी उनि. सतेन्द्र गुर्जर के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में प्रआर 694 कामता, प्रआर 1360 जागेश्वर, आरक्षक जयराम यादव, आरक्षक 1616 सतेन्द्र, आरक्षक 1517 अविनाश मिश्रा एवं आरक्षक 1507 विनोद का विशेष योगदान रहा।सागर पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ एवं चोरी की संपत्ति की बरामदगी हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।







