अवैध शराब, जुआ-सट्टा और नशे की गतिविधियों की सूचना देने की अपील, CCTV कैमरे लगाने के लिए किया प्रेरित
सागर/मालथौन, 27 सितंबर 2026। सागर पुलिस द्वारा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जनसंवाद अभियान के तहत मालथौन में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया ने ग्रामीणों, नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने एसडीओपी खुरई काजल सिंह के साथ मालथौन पहुंचकर थाना प्रभारी दिनेश भोजक एवं पुलिस स्टाफ के सहयोग से बस स्टैंड पर कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष राणा बुंदेला, तहसीलदार राम प्रसाद ठाकुर, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
जनसंवाद के दौरान नागरिकों से क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा, नशे के कारोबार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। पुलिस ने बताया कि ऐसी सूचनाएं थाना पुलिस, पुलिस कंट्रोल रूम अथवा डायल-112 के माध्यम से दी जा सकती हैं।
CCTV लगाने के लिए किया प्रेरित
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों और व्यापारियों से महत्वपूर्ण स्थानों, दुकानों, प्रतिष्ठानों तथा आवागमन वाले क्षेत्रों में CCTV कैमरे लगाने और उन्हें नियमित रूप से चालू रखने की अपील की। बताया गया कि CCTV कैमरे अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी तथा अपराध होने की स्थिति में आरोपियों की पहचान और जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध कराने में सहायक होते हैं।
नागरिकों से सीधे सुनी समस्याएं
एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने नागरिकों और ग्रामीणों से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा पुलिस से संबंधित समस्याओं एवं अपेक्षाओं को लेकर सीधा संवाद किया। लोगों से मिले सुझावों और फीडबैक को गंभीरता से सुना गया।
उन्होंने कहा कि सुरक्षित और शांतिपूर्ण समाज के निर्माण में पुलिस के साथ आमजन की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। नागरिकों द्वारा समय पर दी गई सूचना और सहयोग से अपराधों की रोकथाम तथा कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में पुलिस को महत्वपूर्ण सहायता मिलती है।
सागर पुलिस के अनुसार आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं और सुझाव जानने का जनसंवाद अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि पुलिस व्यवस्था को अधिक जनोन्मुखी और प्रभावी बनाया जा सके।







