पुलिस लाइन सागर में 13वें बैच का प्रशिक्षण प्रारंभ, एक सप्ताह तक चलेगा कार्यक्रम
सागर। आगामी सिंहस्थ ड्यूटी के लिए सागर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस लाइन सागर में सिंहस्थ ड्यूटी के लिए भेजे जाने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के प्रशिक्षण का 13वां बैच शुरू किया गया है। इस बैच में जिले के 77 अधिकारी-कर्मचारी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया ने किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी एवं रक्षित निरीक्षक आशीष तिवारी मौजूद रहे।
एक सप्ताह तक दिया जाएगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम एक सप्ताह तक चलेगा। इसमें पुलिसकर्मियों को सिंहस्थ ड्यूटी से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, आपात परिस्थितियों में त्वरित रिस्पॉन्स, सतर्कता और अनुशासन प्रमुख रूप से शामिल हैं।
अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण के दौरान सैद्धांतिक जानकारी के साथ ही व्यावहारिक स्तर पर भी तैयार किया जा रहा है, ताकि बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान वे अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
अनुशासन और संवेदनशीलता पर जोर
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, सतर्कता, संवेदनशीलता और टीम भावना के साथ ड्यूटी करने पर जोर दिया। उन्होंने सिंहस्थ जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
सागर पुलिस द्वारा सिंहस्थ ड्यूटी के लिए पुलिस बल को प्रशिक्षित एवं दक्ष बनाने के लिए लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।







