सागर। अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सागर पुलिस लगातार तकनीक और जनसहयोग को बढ़ावा दे रही है। इसी क्रम में मोतीनगर थाना पुलिस द्वारा सार्वजनिक संस्थानों एवं महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में CCTV कैमरे लगवाने को लेकर बैठक आयोजित की गई।
पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में 28 सितंबर 2026 को थाना मोतीनगर परिसर में क्षेत्र की सार्वजनिक संस्थाओं और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।
बैठक में प्रतिनिधियों को संस्थान एवं प्रतिष्ठान परिसर के साथ-साथ आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त संख्या में उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे लगाने के लिए जागरूक एवं प्रेरित किया गया। पुलिस ने मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग स्थल, सड़क की ओर के क्षेत्र तथा अन्य संवेदनशील स्थानों को कैमरों की निगरानी में शामिल करने के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि CCTV कैमरे अपराधों की रोकथाम और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। किसी घटना के बाद आरोपियों की पहचान करने और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने में भी CCTV फुटेज उपयोगी साबित हो सकती है।
प्रतिनिधियों से अपील की गई कि लगाए गए CCTV कैमरे 24 घंटे कार्यशील स्थिति में रखें और रिकॉर्डिंग को पर्याप्त अवधि तक सुरक्षित रखने की व्यवस्था करें। साथ ही समय-समय पर कैमरों की कार्यशीलता की जांच करने के निर्देश दिए गए।
सागर पुलिस द्वारा जिले के महत्वपूर्ण स्थानों पर अधिक से अधिक CCTV कैमरे लगवाकर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए संस्थानों और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य तकनीक और जनसहयोग के माध्यम से अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाते हुए आमजन के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण तैयार करना है।








