एक नाबालिग को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से सुरक्षित बरामद कर परिजनों तक पहुंचाया
सागर, 7 अक्टूबर 2026। जिले में गुमशुदा एवं अपहृत बालक-बालिकाओं की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग प्रकरणों में लापता दो 15 वर्षीय नाबालिगों को सुरक्षित दस्तयाब किया है। इनमें एक नाबालिग बालिका को पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से सुरक्षित दस्तयाब किया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में पुलिस द्वारा गुमशुदा एवं अपहृत बालक-बालिकाओं की तलाश लगातार की जा रही है।
3 अक्टूबर को लापता हुआ था 15 वर्षीय बालक
थाना कोतवाली में 3 अक्टूबर 2026 को एक परिजन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 15 वर्षीय नाबालिग बालक किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 211/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कोतवाली मनीष सिंघल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बालक की तलाश शुरू की। लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस ने 7 अक्टूबर को बालक को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया।
गोरखपुर तक पहुंची पुलिस टीम, नाबालिग बालिका सुरक्षित मिली
दूसरे मामले में 4 अक्टूबर 2026 को एक परिजन ने 15 वर्षीय नाबालिग बालिका के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजन के अनुसार बालिका को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया था।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 212/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तत्काल टीम गठित की। संभावित स्थानों पर लगातार पतारसी करते हुए पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले तक पहुंची, जहां अथक प्रयासों के बाद 7 अक्टूबर को बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया।
दोनों नाबालिगों को सुरक्षित दस्तयाब किए जाने के बाद पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई
दोनों मामलों में थाना कोतवाली प्रभारी मनीष सिंघल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए लगातार प्रयास किए। सागर पुलिस ने कहा कि बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है और गुमशुदा एवं अपहृत व्यक्तियों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाने के लिए पुलिस का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
लोकेशन–सागर
रिपोर्ट–भारत न्यूज़ 24 live







