पहलवान बाबा मंदिर पहुंचकर किए दर्शन-पूजन, जिले की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की
सागर, 30 अक्टूबर 2026।
सागर जिले को नए कलेक्टर के रूप में दिलीप कुमार यादव मिल गए हैं। नवागत कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। वे भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2014 बैच के अधिकारी हैं। सागर कलेक्टर बनने से पहले वे भोपाल में मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने कार्यालय में उपस्थित अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और जिले की प्रशासनिक व्यवस्थाओं, विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागों की गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा आम नागरिकों से जुड़े शासकीय कार्यों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण हो। प्रशासनिक कार्यों में तत्परता, जवाबदेही और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।
पहलवान बाबा मंदिर में की पूजा-अर्चना
कलेक्टर का पदभार ग्रहण करने के बाद दिलीप कुमार यादव पहलवान बाबा मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सागर जिले की सुख-समृद्धि, खुशहाली और विकास की कामना की।
नवागत कलेक्टर के पदभार ग्रहण करने के साथ ही जिले में प्रशासनिक कार्यों और विकास योजनाओं के प्रभावी संचालन को लेकर नई उम्मीदें जुड़ गई हैं।







