फिल्म ‘हनुमान’ के प्रसिद्ध गीत से मिली पहचान, प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए दिया उपहार; आंखों के उपचार के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सहयोग से किए जा रहे प्रयास
सागर। प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती, यदि हौसलों को प्रोत्साहन और सही मार्गदर्शन मिले तो सफलता की नई राह बनती है। इसका उदाहरण सुरखी विधानसभा क्षेत्र के प्रतिभाशाली गायक सुनील लोधी हैं, जिन्होंने अपनी सुरीली आवाज के दम पर अलग पहचान बनाई है। दीपावली के पावन अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं सुरखी विधायक गोविंद सिंह राजपूत ने सुनील लोधी को पल्सर बाइक उपहार स्वरूप भेंट कर उनका सपना पूरा किया।
फिल्म ‘हनुमान’ के प्रसिद्ध गीत को अपनी आवाज देकर लोकप्रियता हासिल करने वाले सुनील लोधी ने कुछ समय पहले मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से मुलाकात के दौरान अपनी इच्छा जाहिर की थी। उन्होंने बताया था कि उनका सपना अपनी खुद की पल्सर बाइक खरीदने का है। इस पर मंत्री राजपूत ने उन्हें बाइक देने का वादा किया था। अपने वादे को निभाते हुए मंत्री ने दीपावली के अवसर पर सुनील लोधी को अपने निवास मातेश्वरी आमंत्रित किया और उन्हें पल्सर बाइक भेंट की।
आंखों के उपचार के लिए भी किए जा रहे प्रयास
सुनील लोधी जन्म से ही दृष्टिबाधित हैं, लेकिन शारीरिक चुनौती उनके हुनर और हौसले को कमजोर नहीं कर सकी। अपनी गायकी के दम पर उन्होंने क्षेत्र ही नहीं, बल्कि व्यापक स्तर पर पहचान बनाई है। उनकी प्रतिभा को देखते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत लगातार उन्हें प्रोत्साहित और सहयोग करते रहे हैं।
सुनील की आंखों के उपचार के लिए भी मंत्री राजपूत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सहयोग से प्रयास कर रहे हैं। चिकित्सकों द्वारा उनकी आंखों की जांच की गई है। उपचार को लेकर सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रयास है कि उचित उपचार के माध्यम से उनकी दृष्टि में सुधार हो सके।
आकाश सिंह राजपूत ने भी प्रतिभा को दिया मंच
इस अवसर पर युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत भी मौजूद रहे। वे लंबे समय से सुनील लोधी की गायकी को प्रोत्साहित करते आ रहे हैं। फिल्म ‘हनुमान’ के गीत से प्रसिद्धि मिलने के बाद भी युवा शक्ति संगठन के माध्यम से उन्हें विभिन्न कार्यक्रमों और मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध कराए गए।
आकाश सिंह राजपूत ने पल्सर बाइक मिलने पर सुनील लोधी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सुनील की गायकी और प्रतिभा सराहनीय है। उनकी आंखों के उपचार के लिए भी चिकित्सकों से जांच कराई गई है और जल्द ही सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद है।
दीपावली के अवसर पर मिला यह उपहार सुनील लोधी के लिए केवल एक बाइक नहीं, बल्कि उनके सपनों, संघर्ष और प्रतिभा को मिला प्रोत्साहन भी है।
भारत न्यूज़ 24 live.com







