गोवर्धन पूजा प्रकृति के सम्मान, गोवंश संरक्षण और अन्नदाता के सम्मान का पर्व : मंत्री गोविंद सिंह राजपूत

SHARE:

गोवर्धन पूजा प्रकृति के सम्मान, गोवंश संरक्षण और अन्नदाता के सम्मान का पर्व : मंत्री गोविंद सिंह राजपूत

सागर। केंद्रीय जेल परिसर स्थित श्री कृष्ण मधुवन गौशाला में 9 नवंबर को गोवर्धन पर्व श्रद्धा और परंपरागत विधि-विधान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने पहुंचकर भगवान गोवर्धन का पूजन किया। उन्होंने गौ-माता की पूजा-अर्चना कर अपने हाथों से गायों को हरा चारा खिलाया।

इस अवसर पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी आस्था, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ग्रामीण परिवारों में यह परंपरा पीढ़ियों से निभाई जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा है कि गोवर्धन पूजा केवल घरों तक सीमित न रहे, बल्कि शासकीय स्तर पर भी गौशालाओं में सामूहिक रूप से इसका आयोजन हो, जिससे नई पीढ़ी को हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और उनके महत्व की जानकारी मिल सके।

उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा के तीन प्रमुख उद्देश्य हैं, प्रकृति का सम्मान, गोवंश का संरक्षण और अन्न एवं अन्नदाता का सम्मान। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन पर्वत लीला हमें प्रकृति के संरक्षण, सामूहिक आस्था और जीवन में गोवंश के महत्व का संदेश देती है।

मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रदेश सरकार गौशालाओं के संचालन और गोवंश संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसमें सामाजिक संस्थाओं के साथ आमजन की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। गोवर्धन पूजा जैसे आयोजनों से गौ-सेवा, संरक्षण और संवर्धन के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ेगी।

गौ-सेवा और गोपालन को जीवन का उद्देश्य बनाएं : विधायक शैलेन्द्र जैन

कार्यक्रम में विधायक शैलेन्द्र जैन ने कहा कि प्रकृति की पूजा भारतीय सनातन संस्कृति का अभिन्न अंग है। हमारी परंपरा में नदियों, पर्वतों और वनस्पतियों को पूजनीय मानकर उनका सम्मान किया जाता है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत को अपनी अंगुली पर धारण करने की लीला प्रकृति, गोवंश और अन्नदाता के महत्व को समझाती है। उन्होंने कहा कि गौ-माता की सेवा और गोपालन को जीवन का महत्वपूर्ण उद्देश्य बनाना चाहिए।

भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शासकीय स्तर पर गोवर्धन पूजा आयोजित करने की पहल से सनातन संस्कृति, गोवर्धन पर्वत के महत्व और गोपालन के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। इससे लोगों को गोपालन के लिए भी प्रोत्साहन मिलेगा।

विजेता पशुपालकों को एक लाख रुपये तक के पुरस्कार

कार्यक्रम के दौरान गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत जिले से चयनित विजेता पशुपालकों को सम्मानित किया गया। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की।

इसके साथ ही जेल गौशाला के प्रबंधन, प्रहरी और गौ-सेवा में योगदान देने वाले बंदियों को भी सम्मानित किया गया। पशुपालन विभाग की ओर से मंत्री सहित अन्य अतिथियों को गौ-माता का स्मृति चिह्न भेंट किया गया।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर अविनाश रावत, जेल अधीक्षक, पशुपालन विभाग के उपसंचालक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

भारत न्यूज़ 24 live.com

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें