जैसीनगर के गोवर्धन मेले में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने दिवारी गीत गाकर मोनिया कलाकारों के साथ किया नृत्य

SHARE:

गोवर्धन पूजा प्रकृति, संस्कृति और समृद्धि का प्रतीक : गोविंद सिंह राजपूत, स्थानीय दुकानों से खरीदारी कर दिया वोकल फॉर लोकल का संदेश

सागर। बुंदेलखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का प्रतीक जैसीनगर का ऐतिहासिक गोवर्धन मेला इस वर्ष भी उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित हुआ। सैकड़ों वर्षों से चली आ रही इस परंपरा में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा सुरखी विधायक गोविंद सिंह राजपूत शामिल हुए। उन्होंने क्षेत्रवासियों के साथ गोवर्धन पूजा की खुशियां साझा कीं और बुंदेली संस्कृति के रंग में रंगे नजर आए।

मेले में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का अनूठा बुंदेली अंदाज देखने को मिला। उन्होंने पारंपरिक दिवारी गीत गाकर पशुधन और किसानों के महत्व को रेखांकित किया। इस दौरान उन्होंने ‘गैयों की पूजा करो, भैंसों के करो श्रृंगार रे, और बैलों के खुर पुंजियो रे भैया, जे धरती के पालनहार’ जैसे लोकगीत गाए। इसके बाद मोनिया नृत्य कलाकारों के बीच पहुंचकर उनके साथ दिवारी नृत्य भी किया। मंत्री के इस अंदाज से मेले में मौजूद ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने लोक कलाकारों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

गोवर्धन पूजा प्रकृति संरक्षण का संदेश

मंत्री राजपूत ने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण, गौवंश और कृषि के महत्व को समझने का पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत की पूजा के माध्यम से प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और उसके संरक्षण का संदेश दिया था। भारतीय संस्कृति में गाय, धरती, जल, जंगल और पर्वत को विशेष महत्व दिया गया है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, जैविक खेती और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। ऐसे में गोवर्धन पूजा का संदेश और भी प्रासंगिक हो जाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार इस तरह की सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। अगले वर्ष मेले में लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के लिए अलग से मंच बनाया जाएगा।

दिवारी गीत और मोनिया नृत्य बुंदेलखंड की पहचान

मंत्री ने कहा कि दिवारी गीत और मोनिया नृत्य बुंदेलखंड की अनमोल सांस्कृतिक विरासत हैं। इन लोकगीतों में गौवंश, बैलों और पशुधन के प्रति सम्मान की भावना दिखाई देती है। किसान और पशुपालक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। लोक कलाकार हमारी संस्कृति के सच्चे संवाहक हैं और इन परंपराओं को जीवंत बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

मेलों से बढ़ती सामाजिक समरसता

उन्होंने कहा कि गांव-गांव में आयोजित होने वाले मेले हमारी लोक संस्कृति और सामाजिक एकता के परिचायक हैं। जैसीनगर का गोवर्धन मेला सैकड़ों वर्षों से क्षेत्र की आस्था का केंद्र रहा है। ऐसे आयोजनों में सभी वर्गों के लोग एक साथ शामिल होते हैं, जिससे आपसी मेलजोल और सामाजिक समरसता मजबूत होती है। नई पीढ़ी को भी अपनी परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।

स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी कर दिया संदेश

मेले में मंत्री राजपूत ने स्थानीय दुकानदारों की दुकानों पर पहुंचकर खरीदारी की और लोगों को स्थानीय व्यापारियों से सामान खरीदने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय मेलों से छोटे दुकानदारों, कारीगरों और ग्रामीण व्यापारियों को रोजगार एवं आर्थिक संबल मिलता है। स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करना उनके परिवारों की आजीविका को मजबूत करने में योगदान देना है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों, छोटे व्यापारियों और स्वदेशी उद्योगों को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है। त्योहार और मेले केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और अपनी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के अवसर भी हैं।

इस अवसर पर मेला कमेटी के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।

भारत न्यूज़ 24 live.com हम केवल सच्चाई ही दिखाते हैं।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें