लंबित भुगतान समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा में अधिकारियों को दी सख्त हिदायत
सागर, 12 नवंबर 2026। ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने अधिकारियों को टीम वर्क के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खेत तालाब योजना के तहत अधिक से अधिक किसानों को प्रोत्साहित करने, प्लांटेशन कार्यों का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन करने तथा लंबित भुगतानों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर यादव बुधवार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्लांटेशन का मौके पर होगा सत्यापन
कलेक्टर ने ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना के तहत किए गए प्लांटेशन कार्यों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर पौधरोपण की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें और रिपोर्ट प्रस्तुत करें। मनरेगा के तहत लक्षित एवं सृजित मानव दिवस की समीक्षा करते हुए रोजगार सृजन और स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने को कहा।
लापरवाही पर जारी होंगे नोटिस
बैठक में लंबित भुगतानों की समीक्षा करते हुए सभी प्रकार के भुगतान समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने पीओ, एपीओ एवं जनपद पंचायत सीईओ को विभागीय योजनाओं के कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा। कार्यों में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। जिला पंचायत सीईओ को पुराने कार्यों की प्रगति की सख्ती से समीक्षा करने के लिए कहा गया।
पीएम आवास और स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा
कलेक्टर ने खेत तालाब योजना की जनपदवार समीक्षा करते हुए किसानों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बैंक लिंकेज और ग्राम निवेश मांग की प्रगति की जानकारी लेकर कार्यों में तेजी लाने को कहा।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत स्वीकृत, पूर्ण एवं अपूर्ण आवासों की समीक्षा कर आवासों की पूर्णता का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए। आवास प्लस योजना की प्रगति भी देखी गई। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के तहत शेष शौचालयों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने और सामुदायिक स्वच्छता परिसरों सहित बंद पड़े शौचालयों का पुनरुद्धार करने को कहा।
ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं पर जोर
बैठक में वीबी-जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों के मुक्तिधामों में पेयजल, साफ-सफाई, रंग-रोगन, छाया सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे सहित सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, आरईएस के एसडीओ, मनरेगा एवं ग्राम पंचायत शाखा के कार्यक्रम अधिकारी तथा विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







