अवैध शराब के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

SHARE:

बंडा में जहरीली शराब से मौतों के बाद फिर बिक्री शुरू होने का आरोप, आबकारी विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

सागर, 13 नवंबर 2026। सागर में अवैध शराब की बिक्री और आबकारी विभाग की कथित निष्क्रियता को लेकर जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को जिला पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इससे पहले गुरुवार को कांग्रेस ने इसी मुद्दे पर मशाल जुलूस निकालकर विरोध जताया था।

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर उप पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बंडा में अवैध एवं जहरीली शराब के सेवन से लगभग 50 लोगों की मौत हुई थी। इस घटना से कई परिवार प्रभावित हुए और बच्चों का भविष्य संकट में पड़ गया। कांग्रेस का कहना है कि घटना को अभी दो माह भी नहीं बीते हैं और सागर में फिर अवैध शराब की बिक्री शुरू हो गई है, जिसके चलते लोग अस्पतालों में भर्ती हो रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने भाजपा जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जनता की समस्याओं के प्रति वे गंभीर नहीं हैं और अवैध शराब का कारोबार लगातार बढ़ रहा है।

कांग्रेस ने रखीं चार प्रमुख मांगें

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने मांग की कि अवैध शराब के सेवन से मृत व्यक्तियों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी प्रकार की छेड़छाड़ न हो और मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। इसके अलावा सागर में जुआ-सट्टा और अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने, कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा शहर के होटलों में दोबारा शुरू हुए जुआ फड़ों को तत्काल बंद कराने की मांग की गई।

महेश जाटव ने कहा कि लाइसेंसी शराब ठेकेदारों को समय पर शराब उपलब्ध नहीं होने के कारण अवैध शराब की बिक्री बढ़ती है। उन्होंने देवरी में अवैध शराब से कई लोगों की मौत होने और नरयावली क्षेत्र में भी ऐसी घटनाओं की खबरें सामने आने का उल्लेख करते हुए प्रशासन से गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों की जांच के लिए गठित कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की भी मांग उठाई।

पूर्व विधायक सुनील जैन ने आबकारी विभाग की जिला अधिकारी वंदना पांडे को पद से हटाने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में अवैध शराब का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है।

अमित रामजी दुबे ने प्रत्येक थाने में 15 दिन में शांति समिति की बैठक अनिवार्य करने, अवैध शराब की सूचना देने के लिए टोल फ्री नंबर जारी करने और संबंधित थानों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण किए जाने की मांग की।

रामकुमार पचौरी ने कहा कि कांग्रेस लगातार प्रशासन को अवैध शराब के कारोबार को लेकर आगाह करती रही है, लेकिन गंभीरता से कार्रवाई नहीं होने के कारण घटनाओं में वृद्धि हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि ज्ञापन पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।

डॉ. दिनेश पटेरिया के मामले में भी सौंपा ज्ञापन

शहर कांग्रेस ने एक अन्य ज्ञापन सौंपकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. दिनेश पटेरिया के प्रकरण में कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस के अनुसार डॉ. पटेरिया पिछले 35 वर्षों से लक्ष्मीपुरा वार्ड स्थित मकान नंबर 72 में किराए पर अस्पताल संचालित कर रहे थे। आरोप है कि 5 नवंबर को उनकी अनुपस्थिति में मकान मालिक देवी दयाल गुप्ता और संजय गुप्ता ने अस्पताल का सामान बाहर फेंक दिया तथा शटर पर ताला लगा दिया।

कांग्रेस का आरोप है कि अस्पताल के चिकित्सा उपकरण और जरूरी दस्तावेज भी अंदर ही रह गए, जिन्हें डॉ. पटेरिया को उपलब्ध नहीं कराया गया। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय थाने से भी सहयोग नहीं मिलने की बात कही गई। कांग्रेस ने संबंधित मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई कर अस्पताल का सामान और दस्तावेज वापस दिलाने की मांग की।

ज्ञापन का वाचन जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अंकलेश्वर अन्नी दुबे ने किया, जबकि आभार उपाध्यक्ष डॉ. आनंद हैला ने व्यक्त किया।

इस दौरान सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, प्रदीप पप्पू गुप्ता, सुरेंद्र सुहाने, शरद पुरोहित, कमलेश तिवारी, डॉ. किरण लता सोनी, रेखा सोनी, रोशनी, वसीम खान, दीनदयाल तिवारी, राहुल चौबे, सागर साहू, हेमराज रजक, नरेंद्र मिश्रा, वीरेंद्र राजे, निलेश अहिरवार, डॉ. दिनेश पटेरिया, राजू राठौड़, ज्योति मलैया, विनोद रैकवार, महेश अहिरवार, धन सिंह अहिरवार, कुंजीलाल लडिया, मयंक ठक्कर, शिवराज, सुनील ठाकुर, बाबू मछंदर, कल्लू पटेल, राहुल खटीक, राजेश श्रीवास, राजीव अहिरवार, प्रीतम यादव, वीरेंद्र महावते, हरिश्चंद्र सोनवार, नौशाद अब्बासी, मानसिंह चौधरी, अर्चना कनौजिया, नरेश चौधरी, अनिल दक्ष, सुनील पाहवा, डॉ. गीता कुशवाहा, प्रदोष कुरैशी, शाहबाज कुरैशी, अमित मांझी, वीरू चौधरी और संजीव अहिरवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

लोकेशन – सागर।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें