तीनबत्ती स्थित सेवादल कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में तीनों महिला शक्तियों के योगदान को किया याद
सागर। देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, मध्यप्रदेश की पूर्व उपमुख्यमंत्री जमुना देवी और वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर शहर कांग्रेस सेवादल परिवार ने तीनबत्ती स्थित सेवादल कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर तीनों महान महिला विभूतियों का स्मरण किया और उनके चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव विजय साहू ने इंदिरा गांधी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश ने राजनीतिक, आर्थिक और संस्थागत विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। कृषि उत्पादन को मजबूती देने, आम आदमी तक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने तथा भारत के अंतरिक्ष और परमाणु कार्यक्रमों को नई दिशा देने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही।
जिला शहर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे ने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में इंदिरा गांधी का योगदान सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा। उन्होंने जमुना देवी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए सदैव तत्परता से कार्य किया और संगठन के प्रति समर्पण की मिसाल पेश की।
इस अवसर पर जयदीप तिवारी, परख शुक्ला, अंकुर यादव, लल्ला यादव, तरुण सैनी, प्रवीण यादव, रवि जैन, आकाश नामदेव, प्रकाश जाटव, अनीस रंगरेज, राकेश जैन, निक्की यादव सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।







