कम बारिश के चलते किसानों को दी गई कम पानी वाली फसलें बोने की सलाह, सिंचाई प्रबंधन पर हुआ मंथन

SHARE:

बसाहरी में बसहरी और माला जलाशय से सिंचाई करने वाले किसानों की संगोष्ठी आयोजित, चना, मसूर, सरसों और अलसी की खेती को प्राथमिकता देने पर जोर

सागर। जिले में इस वर्ष कम वर्षा के कारण जलाशयों में पानी का स्तर कम रहने से रबी सीजन में सिंचाई का संकट गहराने की आशंका है। इसे देखते हुए किसानों को उपलब्ध पानी का बेहतर उपयोग करने और कम सिंचाई में अधिक उत्पादन देने वाली फसलें अपनाने की सलाह दी जा रही है।

कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर ग्राम बसाहरी में बसहरी एवं माला जलाशय से सिंचाई करने वाले किसानों की संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को जल संरक्षण, सिंचाई प्रबंधन और कम पानी में बेहतर उत्पादन देने वाली फसलों की तकनीकी जानकारी दी।

संगोष्ठी में किसानों को बताया गया कि जलाशयों में सीमित पानी उपलब्ध होने के कारण रबी सीजन में चना, मसूर और अलसी जैसी कम पानी चाहने वाली फसलों को प्राथमिकता दें। इसके साथ ही सरसों की खेती को भी प्रोत्साहित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि बदलती परिस्थितियों में किसानों को अपनी फसल पद्धति में बदलाव करना होगा, ताकि उपलब्ध पानी से अधिकतम उत्पादन लिया जा सके।

एक सिंचाई में कब करें पानी का उपयोग

कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि यदि चना, मसूर, सरसों और अलसी की फसलों के लिए केवल एक सिंचाई उपलब्ध है, तो फसल की महत्वपूर्ण अवस्था को ध्यान में रखकर पानी देना चाहिए।

  • चना: बुवाई के 45 से 50 दिन बाद फूल आने से पहले सिंचाई करें।
  • मसूर: बुवाई के 30 से 40 दिन बाद फूल आने से पहले सिंचाई को प्राथमिकता दें।
  • सरसों: बुवाई के 35 से 45 दिन बाद फूल आने से पहले सिंचाई करें।
  • अलसी: फूल आने से पहले की अवस्था में सिंचाई को प्राथमिकता दें।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सिंचाई का निर्णय फसल की वास्तविक अवस्था और खेत में उपलब्ध नमी को देखकर ही लें।

जल संरक्षण के लिए किसानों को दिए महत्वपूर्ण सुझाव

संगोष्ठी में किसानों को खेत का समतलीकरण कराने, मेड़बंदी अपनाने, अनावश्यक जुताई से बचने और खरपतवार नियंत्रण पर ध्यान देने की सलाह दी गई। इसके अलावा स्प्रिंकलर एवं ड्रिप जैसी आधुनिक सिंचाई पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया गया।

किसानों को बताया गया कि सिंचाई हल्की और आवश्यकता के अनुसार करें। खेत में पानी भरने न दें तथा सिंचाई से पहले मिट्टी की नमी अवश्य जांचें। भारी मिट्टी में अधिक पानी देने से बचें और बारिश होने पर जरूरत के अनुसार सिंचाई टाल दें। स्प्रिंकलर पद्धति से पानी का दक्षतापूर्वक उपयोग किया जा सकता है।

किसानों ने लिया पानी की प्रत्येक बूंद बचाने का संकल्प

संगोष्ठी में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी खुरई कमलेश कुमार अहिरवार, उपसरपंच सुनील तिवारी, सेवानिवृत्त कृषि विकास अधिकारी एलएन श्रीवास्तव, कृषि विकास अधिकारी राजू चौहान, धीरेन्द्र सिंह, अजय सिंह, शुभम भार्गव और अनिल ठाकुर ने किसानों को तकनीकी जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किसानों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे सिंचाई के पानी की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग करेंगे। उपलब्ध जल का विवेकपूर्ण उपयोग करते हुए आगामी रबी सीजन में कम पानी चाहने वाली फसलों की खेती और जल संरक्षण की आधुनिक तकनीकों को अपनाएंगे। किसानों ने फसलों में स्प्रिंकलर पद्धति से सिंचाई को प्राथमिकता देने का भी संकल्प लिया।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें