नशे के दुष्प्रभाव बताकर बंदियों को नशा छोड़ने के लिए किया प्रेरित, जेल की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा
सागर। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के मार्गदर्शन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सागर के निर्देशन में 25 नवंबर को उपजेल रहली में नशामुक्ति एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान उपजेल का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया गया।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के जिला न्यायाधीश एवं सचिव संतोष पालीवाल ने बंदियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, पारिवारिक जीवन और सामाजिक प्रतिष्ठा को प्रभावित करती है। उन्होंने बंदियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बंदियों से संवाद कर उनकी नशे से संबंधित स्थिति की जानकारी ली।
इस अवसर पर बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना, प्ली बार्गेनिंग, जेल लोक अदालत और उनके कानूनी अधिकारों एवं अन्य विधिक प्रावधानों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने यह भी जानकारी प्राप्त की कि किसी बंदी को अधिवक्ता उपलब्ध नहीं होने या पैरवी एवं अपील करने में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है।
निरीक्षण के दौरान जेल में बंदियों के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय परीक्षण, आवश्यक दवाइयों, भोजन और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की गई।
इस दौरान प्रमुख एलएडीसीएस सागर राजेश बिदौलिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
भारत न्यूज़ 24 live.com







