संविधान गौरव दिवस पर भाजपा का आयोजन, रजनीश अग्रवाल बोले– संविधान में संशोधन नहीं, उसकी मंशा पर होनी चाहिए चर्चा

SHARE:

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा– लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा ही संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा

सागर। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर संभागीय भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल और सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के अधिकारों को लेकर अपने विचार रखे। इस दौरान रजनीश अग्रवाल ने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान में संशोधन करना गलत नहीं है, बल्कि यह देखना जरूरी है कि संशोधन किस उद्देश्य और मंशा से किया जा रहा है।

राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारत ने संविधान अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। संविधान गौरव दिवस हमें संविधान के निर्माण, उसके मूल्यों और लोकतंत्र में उसकी भूमिका को समझने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि संविधान की चर्चा के साथ डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी जरूरी है। संविधान निर्माण में उनकी विद्वत्ता, कानून की समझ और गहन अध्ययन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

अग्रवाल ने अपने संबोधन में डॉ. आंबेडकर को संविधान निर्माण की जिम्मेदारी सौंपे जाने के समय के राजनीतिक घटनाक्रम का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि उस समय इस विषय पर मतभेद थे और पंडित जवाहरलाल नेहरू किसी विदेशी विशेषज्ञ को यह जिम्मेदारी देना चाहते थे, लेकिन महात्मा गांधी के हस्तक्षेप के बाद डॉ. आंबेडकर को यह दायित्व सौंपा गया। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर को उनके योगदान के अनुरूप सम्मान नहीं मिला और उन्हें चुनाव में पराजित करने के प्रयास भी किए गए।

आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

रजनीश अग्रवाल ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का ऐसा दौर था, जब लोकतंत्र, नागरिक स्वतंत्रता और संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव डाला गया। राजनीतिक विरोधियों को जेल में बंद किया गया, प्रेस पर सेंसरशिप लगाई गई और सरकार की आलोचना करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि आपातकाल की घटनाओं को याद रखना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों का महत्व समझ सकें।

उन्होंने संविधान की प्रस्तावना में आपातकाल के दौरान जोड़े गए समाजवादी और पंथनिरपेक्ष शब्दों का भी उल्लेख किया। साथ ही न्यायपालिका, चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को लेकर कांग्रेस सरकारों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए संवैधानिक संस्थाओं का निष्पक्ष और स्वतंत्र होना आवश्यक है।

संविधान संशोधन के उद्देश्य पर होनी चाहिए चर्चा

अग्रवाल ने कहा कि संविधान में संशोधन करना अपने आप में गलत नहीं है। महत्वपूर्ण यह है कि संशोधन किस उद्देश्य से किया जा रहा है और उससे देश, नागरिकों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को क्या लाभ होगा। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के समय शिक्षा को मौलिक अधिकार बनाने और पदोन्नति में आरक्षण से जुड़े संवैधानिक बदलावों का उल्लेख किया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यों में महिला आरक्षण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और पिछड़ा वर्ग को संवैधानिक दर्जा देने जैसे विषयों को रखा।

उन्होंने कहा कि संविधान गौरव दिवस पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर तथ्यों के आधार पर चर्चा होनी चाहिए। समाज को यह जानकारी मिलनी चाहिए कि अलग-अलग सरकारों ने संविधान में संशोधन किन उद्देश्यों से किए हैं।

संविधान की रक्षा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के पालन से होगी : डॉ. लता वानखेड़े

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है। संविधान का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और संस्थाओं का सम्मान करने से होता है। विचारधारा से अलग निर्णय सामने आने पर भी संवैधानिक व्यवस्था और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को स्वीकार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा का अर्थ न्यायपालिका की स्वतंत्रता और सम्मान बनाए रखना, संसद एवं विधानसभा की गरिमा का संरक्षण करना, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था का सम्मान करना तथा नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को जीवन और सार्वजनिक कार्यों में अपनाना आवश्यक है।

डॉ. वानखेड़े ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत प्रथम और संविधान के प्रति निष्ठा सरकार के मार्गदर्शक सिद्धांत हैं। देशवासियों का कल्याण और संविधान के अनुरूप कार्य करना ही लोकतंत्र को मजबूत बनाने का रास्ता है।

संविधान चौक पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि कार्यक्रम से पहले संविधान चौक पर कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद डॉ. लता वानखेड़े, राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, विधायक शैलेंद्र जैन, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार सहित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

इसके बाद अतिथियों ने भाजपा कार्यालय में संविधान गौरव दिवस पर आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और उसका अवलोकन किया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक नारायण कबीरपंथी, जिला महामंत्री चैन सिंह ठाकुर, चेतराम अहिरवार, जगन्नाथ गुरैया, मनीष चौबे, विक्रम सोनी, यश अग्रवाल, राहुल वैद्य, सविता साहू, भूपेंद्र नामदेव, आलोक केशरवानी, रामेश्वर नेमा, अंशुल परिहार, जय सोनी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष जसवंत सिंह राठौर, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष मधुकर जाटव, अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष उमेश गौंड, मंडल अध्यक्ष अमित बैसाखिया, नीरज यादव सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भारत न्यूज़ 24 live.com हम केवल सच्चाई ही दिखाते हैं।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें