गौर दिवस केवल सागर ही नहीं, पूरे देश के लिए उत्सव का पर्व : डॉ. सरोज गुप्ता

SHARE:

संविधान दिवस एवं डॉ. सर हरीसिंह गौर जयंती पर अग्रणी महाविद्यालय में विविध कार्यक्रम आयोजित

सागर। संविधान दिवस एवं सागर के गौरव, महान शिक्षाविद्, विधिवेत्ता और समाज सुधारक डॉ. सर हरीसिंह गौर की जयंती के अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. गौर के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने संवैधानिक मूल्यों और आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संविधान सभा और प्रारूप समिति के योगदान पर प्रकाश डाला गया।

अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि संविधान के मूल्यों को आत्मसात करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। विद्यार्थियों को अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि डॉ. हरीसिंह गौर की जयंती केवल सागर नगर के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए श्रद्धा, सम्मान और गौरव का उत्सव है। यह अवसर उनके शैक्षणिक, विधिक एवं सामाजिक योगदान तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का स्मरण कराता है।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान लोकतांत्रिक व्यवस्था, न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का आधार स्तंभ है। यह हमें अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप सबलोक ने बताया कि आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान की महत्ता और डॉ. गौर के बहुआयामी योगदान से परिचित कराया गया। राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. गोपा जैन, डॉ. विनय शर्मा, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. इमराना सिद्दीकी, डॉ. सुचिता अग्रवाल, रेणु सोलंकी, डॉ. प्रज्ञा दुबे, डॉ. राणा कंजर सिंह, डॉ. शैलेन्द्र सिंह राजपूत, लेफ्टिनेंट कीर्ति रैकवार, जीतू चौरसिया सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें