सागर / मकरोनिया। बुद्ध वाटिका गौरनगर, मकरोनिया में संविधान दिवस एवं डॉ. हरिसिंह गौर जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का वाचन, बुद्ध वंदना एवं डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर और डॉ. हरिसिंह गौर के जीवन पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यक्ष डॉ. कमलेश कुमार अहिरवार ने की। कार्यक्रम में मार्गदर्शक डॉ. आर. एस. जयंत जी का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. कमलेश कुमार अहिरवार ने कहा कि संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, बंधुता और न्याय का अधिकार देता है। हमें संविधान को सिर्फ पढ़ना नहीं, बल्कि अपने जीवन में उतारना है। डॉ. हरिसिंह गौर ने सागर को शिक्षा की नगरी बनाया और बाबासाहेब ने हमें संविधान देकर सम्मान से जीने का अधिकार दिया। हम सभी को शिक्षा, एकता और संगठन के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाना है।
मार्गदर्शन में डॉ. आर. एस. जयंत जी ने कहा कि बुद्ध के धम्म और बाबासाहेब के संविधान का मार्ग ही मानवता का मार्ग है। आज युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा और संस्कार की ओर बढ़ना चाहिए। संविधान की रक्षा करना ही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने सभी समाजजनों से बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने और बुद्ध वाटिका के विकास में सहयोग करने का आह्वान किया।
कमेटी के सचिव डॉ. राजकुमार अहिरवार जी ने संविधान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने संविधान को अपनाया था और 26 जनवरी 1950 को यह लागू हुआ। उन्होंने प्रस्तावना, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य और संविधान में दिए गए समानता के अधिकार के बारे में सरल भाषा में समझाया। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी जानना चाहिए।
कार्यक्रम में कमेटी के सदस्य डॉ. प्रहलाद अहिरवार, नंदराम बाबूजी, राम सिंह अहिरवार, देवीलाल अहिरवार, नारायण प्रसाद बौद्ध, कमोट प्रसाद अहिरवार, रघुवर प्रसाद फौजी, उद्देत प्रसाद बौद्ध, के. पी. बौद्ध, राकेश अहिरवार, छाया अहिरवार, देवका अहिरवार, आदित्य अहिरवार, अभिनव अहिरवार सहित समस्त समाजजन सपरिवार सम्मिलित हुए।
आयोजकों ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों एवं समाजजनों का बहुत-बहुत धन्यवाद ज्ञापित किया।







