
कलेक्ट्रेट परिसर में हंगामा करने वालों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 27 लोगों पर एफआईआर, ज्ञापन देने के दौरान पुलिस वालों से हुई थी हाथापाई
सागर कलेक्ट्रेट परिसर में जबरन प्रवेश का प्रयास कर हंगामा करने वाले लोगों के खिलाफ गोपालगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस से धक्का-मुक्की और हाथापाई करने के मामले में शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रकरण दर्ज किया गया है। गोपालगंज थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कुल 27 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जिसमें 12 नामजद और 15 अज्ञात आरोपी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार ये सभी आरोपी कलेक्ट्रेट परिसर में घुसने का प्रयास कर रहे थे। मौके पर तैनात पुलिस बल द्वारा रोके जाने के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने न केवल धक्का-मुक्की की, बल्कि हाथापाई भी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
गौरतलब है कि सागर से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बड़कुआ के ग्रामीण अपनी शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। ग्रामीणों का कहना था कि संत रविदास जयंती के दिन गांव में रैली निकालने को लेकर विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद संबंधित थाने में मामला दर्ज नहीं किया गया, इसी कारण वे कलेक्टर से शिकायत करने पहुंचे थे।
इसी शिकायत को लेकर ग्रामीण कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे, जहां पुलिस द्वारा रोके जाने पर विवाद की स्थिति बन गई। फिलहाल गोपालगंज थाना पुलिस ने पूरे मामले में जांच शुरू कर दी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Byte: ललित कुमार कश्यप, CSP











