
सागर, 13 सितंबर 2026। बंडा प्रकरण से जुड़े आरोपी सिद्धार्थ सिंह कुशवाहा पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर ग्राम मसवासी में उनके नाम से स्वीकृत पत्थर क्रशर के उत्खनन पट्टे (खनिज लीज) को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बंडा तहसील के ग्राम मसवासी में सिद्धार्थ सिंह कुशवाहा के नाम पर पत्थर क्रशर के लिए उत्खनन पट्टा स्वीकृत किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि लीज धारक द्वारा स्वीकृत अनुबंध की समयसीमा का पालन नहीं किया जा रहा था। इसके साथ ही खनिज नियमों एवं निर्धारित शर्तों के उल्लंघन की भी बात सामने आई।
मामला संज्ञान में आने के बाद कलेक्टर प्रतिभा पाल ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में खनिज विभाग और स्थानीय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम मसवासी स्थित उक्त पत्थर क्रशर की लीज निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों तथा खनिज नियमों एवं शर्तों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











