घर और जैन मंदिर में चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, दो वारदातों का खुलासा


मोतीनगर पुलिस ने करीब ₹70 हजार के सोने-चांदी के आभूषण सहित चोरी की संपत्ति बरामद की, पूछताछ में मंदिर की दान पेटी चोरी का भी खुलासा
सागर, 14 सितंबर 2026। थाना मोतीनगर पुलिस ने घर में ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण एवं अन्य संपत्ति, जिसकी कुल कीमत करीब 70 हजार रुपये है, बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने अप्रैल माह में मंगलगिरी पहाड़ी स्थित जैन मंदिर से बड़ी दान पेटी चोरी करने की वारदात में भी शामिल होना स्वीकार किया है।
यात्रा पर गया था परिवार, पीछे से टूट गया घर का ताला
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को देवेन्द्र साहू, निवासी ढोलक बीड़ी ऑफिस के पीछे, केशवगंज वार्ड ने थाना मोतीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि वह 5 सितंबर को पत्नी के साथ वृंदावन एवं खाटूश्याम की यात्रा पर गया था। घर पर ताला लगा हुआ था और कोई मौजूद नहीं था।
11 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे वापस लौटने पर घर के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर सामान अस्त-व्यस्त था और अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। जांच करने पर सोने का हार, मंगलसूत्र, झुमकी, चेन, अंगूठी, सोने के टॉप्स, दो सोने की गुरिया, चांदी की पायल, चांदी की चेन, बिछिया तथा करीब एक हजार रुपये के सिक्के सहित लगभग 70 हजार रुपये की संपत्ति चोरी होना पाया गया।
पुलिस ने रिपोर्ट पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर सूचना पर तीनों पकड़े गए
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मोतीनगर पुलिस ने सुराग जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर—
सूरज अहिरवार (21) निवासी संतकबीर वार्ड, हाल बेनी साहू होटल के पास, सागर।
प्रिंस उर्फ गरी (19) निवासी सूबेदार वार्ड, सागर।
एक 17 वर्षीय विधि-विरुद्ध बालक
को 12 सितंबर को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने घर में चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण एवं अन्य संपत्ति करीब ₹70 हजार कीमत की विधिवत जप्त की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जबकि विधि-विरुद्ध बालक को नियमानुसार अभिरक्षा में लिया गया।
मंगलगिरी पहाड़ी के जैन मंदिर की चोरी भी कबूली
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 26 अप्रैल 2026 की रात मंगलगिरी पहाड़ी स्थित जैन मंदिर से बड़ी दान पेटी चोरी करने की वारदात में भी शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने इस मामले में भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को संबंधित प्रकरण में गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा दोनों मामलों में आगे की विवेचना एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई जारी है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत राजपूत, सउनि भारत सिंह, प्रधान आरक्षक दिनेश यादव, प्रधान आरक्षक सुनील चौबे, आरक्षक जगनेश, अंशुल मिश्रा, मधुर एवं आरक्षक बद्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More