
सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर के ब्लड बैंक के आधुनिकीकरण के लिए स्वीकृत 2 करोड़ रुपये की राशि से आवश्यक उपकरणों की खरीदी को अनुमति मिल गई है। यह अनुमति पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह के पत्र पर मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा प्रदान की गई है।
उल्लेखनीय है कि भूपेन्द्र सिंह के आग्रह पर उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल द्वारा बीएमसी सागर के ब्लड बैंक के आधुनिकीकरण के लिए 2 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। इसकी जानकारी विधानसभा सदन में भी दी गई थी।
भूपेन्द्र सिंह ने 7 अगस्त 2026 को मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन को पत्र लिखकर स्वीकृत राशि से बीएमसी सागर के ब्लड बैंक के लिए आवश्यक उपकरणों की खरीदी की अनुमति देने का आग्रह किया था।
पत्र में बताया गया था कि बीएमसी सागर द्वारा अवगत कराया गया है कि स्वीकृत राशि के उपयोग के लिए वित्त संचालक, चिकित्सा शिक्षा से आवश्यक क्रय अनुमति के साथ प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त करना जरूरी है।
इस पर मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा कार्रवाई करते हुए भूपेन्द्र सिंह को अवगत कराया गया है कि उपकरणों की खरीदी की अनुमति प्रदान कर दी गई है। साथ ही आगामी आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रमुख सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग को भी पत्र प्रेषित किया गया है।
इस अनुमति के बाद बीएमसी सागर के ब्लड बैंक के आधुनिकीकरण की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है। आवश्यक उपकरणों की खरीदी से ब्लड बैंक की सुविधाओं और कार्यक्षमता में सुधार होगा।











