अवैध सागौन कटाई पर वन अमले पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में तीन राउंड दागे गए

अवैध सागौन कटाई पर वन अमले पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में तीन राउंड दागे गए

सागर। वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के डोंगरगांव परिक्षेत्र अंतर्गत पश्चिम आमापानी बीट में गश्त के दौरान वनकर्मियों पर हमला कर अवैध सागौन की कटाई व भंडारण करने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना को लेकर थाना सुआताला में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीट गार्ड ऋषिकेश टैगोर, वनरक्षक एवं उनके साथ दो श्रमिक संतोष ठाकुर और जगदीश नोरिया मोटरसाइकिल से नियमित गश्त पर निकले थे। इसी दौरान तालाब की जांच के लिए जब वनकर्मी एक बड़ के पेड़ पर चढ़े, तब दूसरी ओर तीन संदिग्ध व्यक्ति नजर आए, जिनके पास दो बंदूकें थीं।
वनकर्मियों द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपियों ने निशाना साधकर गोली चला दी। इसके बाद आसपास छिपे अन्य अपराधी भी सामने आ गए और फायरिंग शुरू कर दी। बताया गया कि मौके पर करीब आठ आरोपी मौजूद थे। वनकर्मियों के डटे रहने और चेतावनी देने के बावजूद जब आरोपियों ने गोलीबारी जारी रखी, तो आत्मरक्षा में वन अमले द्वारा तीन राउंड फायर किए गए।
घटना में किसी भी वनकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुआताला थाना पुलिस द्वारा अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। घटना के बाद पुलिस बल और टाइगर रिजर्व के डॉग स्क्वाड की सहायता से सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
वन विभाग और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से इलाके में लगातार तलाशी अभियान जारी है, ताकि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके और अवैध लकड़ी तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Byte: रजनीश कुमार सिंह, डीएफओ

Leave a Comment

Read More