सागर में कपड़ा व्यापारी की जहरीला पदार्थ खाने से मौत, लेनदेन को लेकर प्रताड़ना का आरोप

सागर में कपड़ा व्यापारी की जहरीला पदार्थ खाने से मौत, लेनदेन को लेकर प्रताड़ना का आरोप

परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम, पुलिस ने दिया जांच का आश्वासन
सागर। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक कपड़ा व्यापारी द्वारा जहर खाने से मौत का मामला सामने आया है। इलाज के दौरान गुरुवार रात व्यापारी की अस्पताल में मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित परिजनों ने माता मढ़िया तिराहे के पास सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ लोगों द्वारा व्यापारी को लगातार परेशान किया जा रहा था, जिससे मानसिक प्रताड़ना में आकर उसने यह कदम उठाया।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही कोतवाली और मोतीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी और मामले में निष्पक्ष जांच व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त किया और शव अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
मृतक की पहचान बाहुबली कॉलोनी निवासी विकास जैन उर्फ मोगली के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, विकास ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे भाग्योदय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिचितों ने बताया कि विकास कर्ज को लेकर काफी परेशान चल रहा था। उसने शहर के कुछ लोगों से कर्ज लिया था, जिसके चलते वे उसे लगातार परेशान कर रहे थे। इसी मानसिक दबाव में आकर विकास ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
मृतक शहर में गारमेंट की दुकान संचालित करता था। फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस मामले में मर्ग कायम कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Byte: मनीष सिंघल, थाना प्रभारी

Leave a Comment

Read More