
विधानसभा में गूंजी नरयावली की आवाज: विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने सिंचाई, स्वास्थ्य और शिक्षा के मुद्दों पर सरकार से मांगा जबाव
भोपाल/26.02.2026:
विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गुरुवार को नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने अपने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं और विकास परियोजनाओं को लेकर सदन में अत्यंत प्रभावशाली ढंग से अपनी बात रखी। विधायक श्री लारिया ने जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा और पर्यटन विभाग से संबंधित तारांकित प्रश्नों के माध्यम से न केवल क्षेत्र की जनता की पीड़ा व्यक्त की, बल्कि लंबित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने हेतु सरकार से समय-सीमा भी मांगी।
सिंचाई योजनाओं में देरी पर जताई चिंता (जल संसाधन विभाग)
विधायक लारिया ने जल संसाधन मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए करियापाठा वियर और पिपरिया-जसराज जलाशय का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि जब इन योजनाओं को क्रमशः 324.70 लाख और 194 हेक्टेयर रकबे हेतु प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है, तो कार्य प्रारंभ होने में विलंब क्यों हो रहा है? उन्होंने मांग की कि किसानों के हित में इन परियोजनाओं की बाधाएं दूर कर अविलंब निर्माण शुरू किया जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं पर किये सवाल (लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग)
उप मुख्यमंत्री (स्वास्थ्य) से सवाल करते हुए लारिया ने मकरोनिया (शहरी) सिविल अस्पताल, पामाखेड़ी और परसोरिया उप-स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माणाधीन भवनों का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि इन भवनों का आधिपत्य विभाग को कब मिलेगा और वहां डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति कब तक होगी? उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल भवन निर्माण पर्याप्त नहीं है, बल्कि मकरोनिया को ‘सिविल अस्पताल’ के पूर्ण दर्जे के साथ क्रियाशील बनाना क्षेत्र की प्राथमिकता है।
जर्जर स्कूल भवनों और हाईस्कूल उन्नयन पर की चर्चा (स्कूल शिक्षा विभाग)
स्कूल शिक्षा मंत्री से चर्चा के दौरान विधायक लारिया ने बताया कि राहतगढ़ और सागर विकासखंड में 2016-17 एवं 2017-18 में कई माध्यमिक शालाओं को हाईस्कूल का दर्जा तो दे दिया गया, लेकिन आज भी वे भवन विहीन हैं। उन्होंने विशेष रूप से बरखेड़ा खुमान और लुहारी के छात्रों को होने वाली समस्याओं का उल्लेख किया। साथ ही, उन्होंने विधानसभा क्षेत्र की जर्जर प्राथमिक शालाओं के ध्वस्तीकरण के बाद नए भवनों की योजना पर स्पष्ट जवाब मांगा।
सागर में पर्यटन विकास और होटल-रिसॉर्ट की मांग (पर्यटन विभाग)
क्षेत्र की भौगोलिक महत्ता और नौरादेही अभयारण्य, अन्य पुरातत्व एवं प्राचीन स्थल की उपस्थिति को देखते हुए श्री लारिया ने पर्यटन राज्य मंत्री से सागर जिले में पर्यटन विकास निगम के होटल्स और रिसॉर्ट्स की स्थापना हेतु सवाल किया। उन्होंने तर्क दिया कि संभागीय मुख्यालय और केंद्रीय विश्वविद्यालय होने के नाते सागर में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार समय की मांग है।
सदन में चर्चा के दौरान इंजीनियर प्रदीप लारिया का रुख जनहित के प्रति अत्यंत गंभीर और मर्मस्पर्शी रहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे केवल कागजी स्वीकृतियों से संतुष्ट नहीं हैं, बल्कि धरातल पर कार्य की पूर्णता और जनता को मिलने वाली सुविधाओं के लिए निरंतर संघर्षरत रहेंगे।
विभागीय मंत्रियों ने विधायक लारिया को आश्वस्त किया है कि संबंधित विषयों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
मीडिया विभाग: कार्यालय: इंजीनियर प्रदीप लारिया (विधायक, नरयावली)










