
सागर पहुंची आजाद समाज पार्टी की ‘संकल्प यात्रा’, ग्वालियर में बाबा साहब की मूर्ति स्थापना का ऐलान
सागर। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य दामोदर यादव द्वारा ग्वालियर में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के संकल्प के साथ निकाली जा रही यात्रा शनिवार को सागर पहुंची। महाराष्ट्र से प्रारंभ होकर मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से होते हुए यह यात्रा सागर के अंबेडकर चौराहे पहुंची, जहां सभा आयोजित की गई।
सभा को संबोधित करते हुए दामोदर यादव ने कहा कि देश में मनुवादी विचारधारा को लागू नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए यह संकल्प यात्रा निकाली जा रही है और ग्वालियर में बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित कर सामाजिक न्याय का संदेश दिया जाएगा।
यादव ने हाल ही में चर्चा में रही फिल्म यादव जी की लव स्टोरी को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचती है तो ऐसी फिल्मों का प्रदर्शन नहीं होना चाहिए। उन्होंने समाजों के सम्मान और संवेदनशीलता बनाए रखने की बात कही।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कुछ लोग उन पर आपत्तिजनक भाषा के आरोप लगाते हैं, जबकि वे संविधान और सामाजिक समानता की रक्षा के लिए यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा को रोकने के संबंध में राष्ट्रपति से भी गुहार लगाई गई थी, लेकिन अब संविधान बचाने के उद्देश्य से यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी।
सभा के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर यात्रा को आगे के लिए रवाना किया गया।











