
अंबेडकर वार्ड के कनेरा देव में 46 लाख की लागत से निर्मित श्मशान घाट के तीन शेड का लोकार्पण, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन बोले — अंतिम यात्रा की गरिमा सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता
सागर। अंबेडकर वार्ड स्थित कनेरादेव क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही श्मशान घाट की मांग को पूर्ण करते हुए 46 लाख रुपए की लागत से निर्मित श्मशान घाट परिसर में तीन शेड एवं बैठने हेतु व्यवस्थित शेड का लोकार्पण विधायक शैलेंद्र कुमार जैन एवं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार द्वारा किया गया।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से श्मशान घाट में मूलभूत सुविधाओं की मांग की जा रही थी। विधायक श्री जैन ने इस आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम के माध्यम से श्मशान घाट का व्यवस्थित विकास कराया, जिसमें अंतिम संस्कार के दौरान श्रद्धालुओं के लिए तीन शेड तथा बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इस अवसर पर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने अपने संबोधन में कहा कि श्मशान घाट मानव जीवन की अंतिम यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। मध्य प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार व्यक्ति के जन्म से लेकर मृत्यु तक हर परिस्थिति में नागरिकों के साथ खड़ी रहती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की अंतिम यात्रा सम्मानपूर्वक संपन्न हो, इसी उद्देश्य से कनेरा देव क्षेत्र में यह निर्माण कार्य कराया गया है।
नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने अपने संबोधन में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नगर विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन वार्ड पार्षद विशाल खटीक द्वारा किया गया।
इस अवसर पर देवेंद्र अहिरवार,खड़क सिंह घोसी, प्रणव कन्हौआ, पूरन पटेल, नरेंद्र पांडे, अन्नू घोसी, सूरज सिंह मासाब, प्रहलाद पटेल, मिट्ठू दऊ, कृष्णकुमार अहिरवार, चंदू दाऊ, राधे महाराज, बलराम पटेल, संजू गौंड, राजू गौंड, पप्पू पटेल, गोविंद राम पटेल, प्रेम पटेल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।











