
सिद्धेश्वर धाम में उमड़ा आस्था और आत्मीयता का सैलाब: विधायक ई. प्रदीप लारिया के सानिध्य में संपन्न हुआ भव्य होली मिलन एवं सहभोज
सदर/07.03.2026: नरयावली विधानसभा के सदर अंतर्गत पावन सिद्धेश्वर मंदिर प्रांगण में आज वह दृश्य जीवंत हो उठा, जिसकी कल्पना केवल समरस समाज के स्वप्न में की जाती है। अवसर था—भाजपा सदर मंडल द्वारा आयोजित भव्य ‘होली मिलन एवं सहभोज’ कार्यक्रम का। जहाँ भक्ति, शक्ति और संगठन की त्रिवेणी ने एक ऐसा आध्यात्मिक परिवेश निर्मित किया, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सिद्धेश्वर मंदिर में विराजमान रामभक्त हनुमान जी, राम दरबार, साईं बाबा और भगवान शिव शंभू के चरणों में वंदन के साथ हुआ। नंदी महाराज की साक्षी में समूचा प्रांगण मंत्रोच्चार और जयकारों से गुंजायमान रहा। मंदिर की इस आध्यात्मिक ऊर्जा ने कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार किया, जिससे वातावरण ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के भाव से सराबोर दिखा।
जैसे ही अबीर और गुलाल की वर्षा प्रारंभ हुई, सिद्धेश्वर प्रांगण ‘बरसाने’ के रंग में रंग गया। नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया के मुख्य आतिथ्य और भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं के उत्साह को दोगुना कर दिया। हजारों की संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर आपसी प्रेम और सद्भाव का संकल्प लिया। विशेष रूप से महिला मोर्चा की शक्ति स्वरूपा उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को नई ऊँचाई प्रदान की।
होली मिलन के पश्चात आयोजित ‘सहभोज’ पारंपरिक मालवी-बुंदेली संस्कृति का परिचायक बना। कंडे की आंच पर सिके बाफले, चटपटा भर्ता, कढ़ी, लौकी का मठा, चूरमा लड्डू, पापड़ और तली हुई मिर्च के साथ परोसे गए भोजन ने सभी को तृप्ति का अहसास कराया। यह केवल भोजन नहीं था, बल्कि एक पंगत पर बैठकर साथ खाने की वह परंपरा थी, जो संगठन में ऊंच-नीच के भेद को मिटाकर ‘एकात्म मानववाद’ के दर्शन को चरितार्थ करती है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि—”पेट तो भर गया, परंतु आत्मीय प्रेम से मन अभी भी अतृप्त है।”
अपने संबोधन में विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने कहा कि— “होली का पर्व रंगों की विविधता में एकता का प्रतीक है। जिस प्रकार अलग-अलग रंग मिलकर एक सुंदर उत्सव बनाते हैं, उसी प्रकार हमारे देवतुल्य कार्यकर्ता मिलकर संगठन की शक्ति बनते हैं। यह सहभोज हमारी सामूहिकता और अंत्योदय के संकल्प को मजबूती प्रदान करता है।”
जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने इस आयोजन को वैचारिक अधिष्ठान का संगम बताया। कार्यक्रम का कुशल संयोजन सौरभ केशरवानी द्वारा किया गया, जिनकी सूक्ष्म व्यवस्था और प्रबंधन ने इस विराट समागम को अविस्मरणीय बना दिया।
एक नए संकल्प का उदय
सिद्धेश्वर मंदिर की पावन धरा पर संपन्न यह होली मिलन समारोह केवल एक उत्सव मात्र नहीं, बल्कि नरयावली विधानसभा की एकजुटता का शंखनाद था। वरिष्ठों के मार्गदर्शन और युवाओं के जोश के बीच यह आयोजन भाजपा और संघ की कार्यशैली की उस जीवंत परंपरा का प्रमाण बना, जहाँ ‘व्यक्ति’ से बड़ा ‘दल’ और ‘दल’ से बड़ा ‘देश’ होता है।











